होटल पार्क प्लाजा पर कार्रवाई दौरान मान सरकार ने तैनात कर दी पूरी जालंधर कमिश्नरेट पुलिस, डिटेन किए बड़े-बड़े नेता

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 12:22 PM (IST)

जालंधर (वरुण, गुलशन): होटल पार्क प्लाजा का एक हिस्सा गिरवाने के लिए मान सरकार ने अपनी पूरी कमिश्नरेट जालंधर पुलिस होटल के बाहर तैनात कर दी। होटल की तरफ जाने वाले सभी रास्तों को बेरीकेड्स लगा कर बंद कर दिया गया जिससे कई घंटों तक सड़कों पर आवाजाही तक रोक दी गई।

Jalandhar Commissionerate Police

जैसे ही मान सरकार द्वारा ‘पंजाब केसरी ग्रुप’ के होटल पार्क प्लाजा पर एक्शन की जानकारी कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल समेत शिव सेना के पदाधिकारियों और अन्य संगठनों को मिली तो सभी होटल पार्क प्लाजा के बाहर इकट्ठा होने लगे। शहर के 14 थानों में से करीब 8 थानों के प्रभारी अपनी टीमों समेत मौके पर थे, जिन्होंने नेताओं को रोकने का प्रयास किया लेकिन विफल रहे। कई पुलिस अधिकारी तो बिना नेम प्लेट के पहुंचे हुए थे। जैसे ही नेताओं की भीड़ होटल के बाहर पहुंची तो वे वहां खड़ी डिच मशीन इत्यादि देख भड़क गए और होटल के बाहर ही कार्रवाई का विरोध करने के लिए धरना लगा दिया।

jalandhar police

मौके पर कई डी.सी.पी., कई ए.डी.सी.पी., आधा दर्जन के करीब ए.सी.पी. और स्पैशल सैल की टीमों समेत एक्स्ट्रा फोर्सेज भी मौजूद थी। विरोध कर रहे अलग-अलग पार्टियों के नेताओं ने पंजाब सरकार की धक्केशाही पर जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के 10 मिनट के बीच ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को घेर लिया और उनसे धक्का-मुक्की करके उन्हें जबरदस्ती बस में धकेलना शुरू कर दिया। पुलिस का भी ऐसा रवैया देख माहौल और बिगड़ गया तथा पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।

hotel park plaza

भाजपा नेताओं ने भगवंत मान सरकार के खिलाफ भी जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इस मौके पर मुख्य रूप से पूर्व सांसद सुशील रिंकू, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश राठौर, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, जिला महामंत्री राजेश कपूर, पार्षद मनजीत सिंह टीटू, अशोक सरीन हिक्की, दर्शन लाल भगत, अमरजीत सिंह अमरी, नवल कंबोज, हनी कंबोज, सतनाम बिट्टा, प्रशांत गंभीर, पार्षद अश्विनी ढंड, विपन सभ्रवाल, रमन पब्बी, सन्नी शर्मा, राजन शर्मा, पार्षद राजीव ढींगरा, पार्षद पति अमित सिंह संधा, भगवंत प्रभाकर, प्रदीप खुल्लर, संजू अरोड़ा, शैली खन्ना, तरविंद्र सोई, अमित भाटिया, वरुण तनेजा, ललित बब्बू, चंदन रखेजा, मयंक व्यास, गौरव राय सहित भारी संख्या में कार्यकर्त्ता मौजूद थे।

वहीं पुलिस की तरफ से भाजपा नेता एवं पूर्व एम.पी. सुशील रिंकू, कांग्रेस के पूर्व विधायक राजिंदर बेरी, पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता शीतल अंगुराल, सीनियर भाजपा नेता मनोरंजन कालिया, भाजपा नेता नवल किशोर कंबोज, हनी कंबोज, कांग्रेस पार्टी के पार्षद शैरी चड्ढा, अशोक सरीन हिक्की, कांग्रेसी पार्षद जसलीन सेठी, कांग्रेसी नेता करण कौशल, पंकज चड्ढा, रोहन चड्ढा, राजेश भट्टी प्रधान सिटी वाल्मीकि सभा, प्रदीप खुल्लर, सतनाम बिट्टा, विपन सभ्रवाल और अन्यों को डिटेन करके जबरदस्ती बसों में डाल लिया गया।

उधर कांग्रेस के पूर्व विधायक राजिंदर बेरी के साथ चलती बस में मुलाजिमों की तरफ से धक्का-मुक्की की गई तो बेरी ने चलती बस से छलांग लगा दी और पैदल ही होटल के बाहर पहुंच कर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने दोबारा उन्हें डिटेन किया। जैसे ही पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे नेताओं व उनके समर्थकों को डिटेन करके भेजा तो तुरंत निगम के अधिकारियों ने होटल पर डिच मशीनें चला दीं। डिटेन किए गए नेताओं और उनके समर्थकों को पुलिस कैंट इलाके में 50 मिनट तक घुमाती रही और बाद में उन्हें थाना सदर ले जाया गया।

Jalandhar Commissionerate Police

थाना सदर पहुंचने पर भी जम कर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। रात करीब 9.30 बजे तक सभी को थाना सदर में ही डिटेन करके रखा था। उनमें पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व सांसद सुशील रिंकू, विधायक शीतल अंगुराल, जिला महामंत्री अशोक सरीन हिक्की, दर्शन लाल भगत, नवल कंबोज, हनी कंबोज, विपन सभ्रवाल और कई कांग्रेसी नेता इत्यादि शामिल थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News