Punjab: राजकीय सम्मान से दी शहीद होमगार्ड अशोक कुमार को अंतिम विदाई
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 05:00 PM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): गुरदासपुर की आदिया पुलिस पोस्ट पर शहीद हुए होमगार्ड जवान अशोक कुमार का उनके पैतृक गांव कलासपुर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शहीद अशोक कुमार को उनके बेटे ने मुखाग्नि दी। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और पुलिस टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी।

अशोक कुमार के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। उनकी बेटी हाल ही में पंजाब पुलिस में भर्ती हुई थी और दो दिन बाद उसकी पासिंग आउट परेड होने वाली थी। माता-पिता भी यह परेड देखने जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना घट गई। शहीद की बेटी ममता ने कहा कि उसे अपने पिता की शहादत पर गर्व है। उसने कहा कि वह भी अपने पिता की तरह साहस के साथ देश की सेवा करेगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं, बल्कि पुलिस परिवार का हिस्सा हैं। अधिकारियों ने कहा कि परिवार को जो सम्मान और अधिकार मिलने चाहिए, उन्हें सरकार और पुलिस की ओर से सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी चीज के लिए उन्हें मांग करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अशोक कुमार की शहादत पर न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र और देश गर्व महसूस कर रहा है।

