गणतंत्र दिवस के बाद दिल्ली में डेरा लगाएंगे मंत्री

punjabkesari.in Friday, Jan 24, 2020 - 08:15 AM (IST)

चंडीगढ़(भुल्लर): दिल्ली विधानसभा चुनावों के मद्देजनर पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार के लिए पंजाब के कांग्रेसी मंत्री गणतंत्र दिवस के बाद 2 हफ्तों के लिए राजधानी दिल्ली में ही डेरा लगाएंगे। कांग्रेस हाईकमान द्वारा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को दिल्ली चुनावों में स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किए जाने के बाद पंजाब के कांग्रेसी नेताओं में चुनावों के लिए दिलचस्पी और भी बढ़ गई है।

सभी मंत्रियों के दिल्ली चुनाव प्रचार के लिए चले जाने के बाद 2 सप्ताह तक पंजाब सचिवालय में सन्नाटे का माहौल रहेगा जिसका सरकारी कामकाज पर प्रभाव पड़ेगा।  मुख्यमंत्री द्वारा भी मंत्रियों और पार्टी के अन्य नेताओं को दिल्ली चुनाव प्रचार में बढ़-चढ़कर योगदान के लिए कहा गया है। प्रदेश कांग्रेस द्वारा भी दिल्ली चुनावों के महत्व को देखते हुए चुनाव प्रचार में सरगर्मी से कूदने की योजना बनाई गई है। मंत्रियों के अलावा कांग्रेस के सभी विधायक व अन्य प्रमुख नेता भी समर्थकों सहित अगले दिनों में दिल्ली की सड़कों पर ही होंगे। 
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी की कड़ी चुनौती के मद्देनजर भाजपा द्वारा भी दिल्ली चुनावों में बड़े स्तर पर चुनाव प्रचार की योजना बनाई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के सभी बड़े नेता स्टार प्रचारकों में शामिल किए गए हैं। इसके मद्देनजर पंजाब से भाजपा नेता भी दिल्ली के चुनाव अभियान में कूदेंगे, जबकि आम आदमी पार्टी ने पंजाब से संबंधित अपने विधायकों व अन्य सभी प्रमुख नेताओं को दिल्ली चुनाव प्रचार के लिए पहले ही जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News