Ludhiana: 17 साल की मासूम रहस्यमयी हालात में गायब, परिवार वालों ने नेशनल हाईवे पर लगाया जाम!

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 03:05 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के दरेसी इलाके से एक 17 वर्षीय किशोरी के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों ने आज न्याय की मांग को लेकर नेशनल हाईवे-44 (दिल्ली रोड) पर सरेआम धरना देकर चक्का जाम कर दिया। पीड़ित परिवार का सीधा आरोप है कि पुख्ता सबूत और सीसीटीवी फुटेज सौंपने के बावजूद खाकी सिर्फ कागजी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है, जबकि उनकी लाडली का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है।

PunjabKesari

पीड़ित परिवार ने बताया कि उनकी बेटी बीती 3 मई की रात से गायब है। रोज की तरह जब उसकी मां शाम करीब 6 बजे कपड़े की दुकान से काम करके घर लौटीं, तो सबसे छोटी बेटी घर से गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो दरेसी थाने में गुहार लगाई गई। परिजनों का आरोप है कि वे लगातार थाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें हर बार 'तफ्तीश चल रही है' कहकर टाल दिया जाता है। आज सुबह भी जब पुलिस ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, तो सब्र का बांध टूट गया और परिवार दोपहर 12 बजे नेशनल हाईवे पर धरने पर बैठ गया, जिससे दिल्ली से जालंधर जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह ठप हो गया।

PunjabKesari

CCTV में कैद हुआ खौफनाक सुराग, 3 संदिग्धों ने घेरी मासूम

लापता किशोरी घर से निकलते समय अपने साथ एक आईफोन (iPhone) और करीब 10 से 15 हजार रुपये की नकदी लेकर गई थी। जब परिजनों ने अपने स्तर पर इलाके की 'तीसरी आंख' यानी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उनके होश उड़ गए। फुटेज में साफ दिख रहा है कि लड़की के आसपास 3 संदिग्ध युवक चल रहे हैं, जिनमें से एक ने सरेआम उसका हाथ पकड़ा हुआ है और 2 अन्य आगे-आगे रास्ता साफ कर रहे हैं। इस खौफनाक फुटेज के आधार पर माता-पिता को तगड़ा अंदेशा है कि किसी शातिर गिरोह या अज्ञात दरिंदों ने अपने किसी काले मंसूबे को अंजाम देने के लिए उनकी मासूम बेटी को जबरन अगवा कर कहीं बंधक बना रखा है।

ऑटो चालक पिता और मजदूर मां की गुहार, पुलिस को मिला अल्टीमेटम

लापता लड़की ने एक साल पहले 10वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्कूल छोड़ दिया था और वह घर पर ही रहती थी। उसके पिता ऑटो चलाकर और मां कपड़े की दुकान पर मजदूरी करके परिवार का पेट पालते हैं। हाइवे पर परिजनों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने तुरंत ट्रैफिक को सर्विस लेन पर डायवर्ट किया, लेकिन गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने सर्विस लेन को भी ब्लॉक कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने परिजनों को समझाने का भरसक प्रयास किया और दावा किया कि शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर लिया गया था। करीब एक घंटे के हंगामे के बाद परिजनों ने पुलिस को सख्त अल्टीमेटम देते हुए धरना खत्म किया कि यदि आज शाम तक उनकी बेटी को सकुशल बरामद नहीं किया गया, तो वे दोबारा नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम करने पर मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

उधर, थाना दरेसी के एसएचओ (SHO) सब इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आ गई थी। किशोरी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि संदिग्धों के रूट का पता चल सके। इसके साथ ही लड़की के iPhone की लोकेशन को भी ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है, हालांकि मोबाइल फिलहाल बंद आ रहा है। एसएचओ ने दावा किया कि एफआईआर दर्ज है और पुलिस बहुत जल्द बच्ची को सुरक्षित ढूंढ निकालेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News