Punjab के सिविल अस्पताल में गरमाया माहौल, जमकर चले ईंट-पत्थर

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 03:41 PM (IST)

पंजाब डेस्क : मोगा के सिविल अस्पताल में आज दो पक्षों में खूनी झड़प देखने को मिली। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और फिर मामला शांत हुआ। जानकारी के अनुसार इस खूनी झड़प में जमकर ईंट-पत्थर भी चले जिसके चलते कुछ गाड़ियां भी टूट गईं और करीब 8-9 लोग घायल हो गए। इनमें से 2 लोगों को काफी गंभीर चोटें भी आई हैं।

जानकारी के अनुसार सुबह के समय मोगा के बुकांवाला रोड के पास 2 पड़ोसियों में किसी बात को लेकर कोई कहासुनी हो गई। इसके बाद सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मामला शांत करवा दिया गया। मामला शांत होने के बाद घायल हुए पड़ोसी जब मोगा के सिविल अस्पताल में इलाज करवाने पहुंचे तो वहां पार्किंग स्थल में दूसरे पक्ष के साथ एक बार फिर उनकी झड़प हो गई।

झड़प इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस पथराव में करीब 8-9 लोग घायल हो गए जबकि पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे भी टूट गए और गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही पी.सी.आर. और सिटी पुलिस स्टेशन से भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और फिर से दोनों पक्षों को शांत करवाया गया।

फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। डॉक्टरों से मिली जानकारी के अनुसार इस खूनी झड़प में करीब 9 लोग घायल हुए हैं जिनमें से 2 को काफी गंभीर चोटें लगी हैं। वहीं पुलिस ने भी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और अस्पताल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि दोबारा कोई झड़प न हो पाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News