NH-44 पर लापरवाही! दो दिन बाद भी नहीं हटाया गया हादसाग्रस्त ट्रक, उठ रहे सवाल

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 03:48 PM (IST)

लुधियाना (गणेश/सचिन): राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर बस्ती जोधेवाल थाना के समीप हादसाग्रस्त ट्रक पिछले दो दिनों से सड़क किनारे खड़ा है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से उसे हटाने के लिए अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक के खड़े रहने से दिल्ली-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले मार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और कई बार जाम जैसे हालात बन रहे हैं।

लोगों के अनुसार उक्त स्थान पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं और मौजूदा स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। हैरानी की बात यह है कि ट्रक बस्ती जोधेवाल थाना के नजदीक खड़ा होने के बावजूद अब तक उसे हटाया नहीं गया। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं।

इन दिनों NH-44 पर निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिसके चलते सड़क पहले से ही संकरी हो गई है। ऐसे में हादसाग्रस्त ट्रक के सड़क किनारे खड़े रहने से यातायात प्रभावित हो रहा है और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रक को तुरंत हटाया जाए और सड़क सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम किए जाएं ताकि किसी भी संभावित बड़े हादसे को रोका जा सके।

गौरतलब है कि NH-44 पर हाल के दिनों में कई सड़क दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें तेज रफ्तार और यातायात अव्यवस्था को प्रमुख कारण माना गया है। सड़क सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों के बीच लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News