Punjab : तोतों की तस्करी का भंडाफोड़, वन विभाग की मुस्तैदी से रंगे हाथों दबोचा तस्कर
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 10:08 AM (IST)
लुधियाना (राज): बेजुबान पक्षियों की तस्करी कर चांदी कूटने वाले माफिया के खिलाफ वन विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राम तोतों की नाजायज तस्करी के मामले में पुलिस ने एक युवक विशाल ग्रोवर को गिरफ्तार कर उसके चंगुल से पक्षियों को आजाद करवाया है।
जानकारी के अनुसार वन्य जीव रेंज ऑफिसर अनू की ओर से मिली पुख्ता शिकायत के बाद पुलिस ने जाल बिछाया। शिकायत में बताया गया था कि आरोपी विशाल ग्रोवर अवैध रूप से राम तोतों की तस्करी के काले कारोबार में लिप्त है और उन्हें बेचने की फिराक में है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए छापेमारी कर आरोपी विशाल ग्रोवर को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 02 जीवित राम तोते बरामद किए गए हैं। इन तोतों को पिंजरे में कैद कर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम (Wildlife Protection Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
बेजुबानों के शिकारियों को नहीं बख्शेंगे
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दुर्लभ पक्षियों और जानवरों की तस्करी एक गंभीर अपराध है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह ये तोते कहां से लाया था और लुधियाना में किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस को अंदेशा है कि इस नेटवर्क के पीछे कुछ और नाम भी सामने आ सकते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

