जालंधर में पुलिस की धक्केशाही, 40 नेताओं को अवैध तौर पर हिरासत में रखा, किया जबरन डिटेन
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 12:07 AM (IST)
जालंधर: पंजाब केसरी ग्रुप के होटल पार्क प्लाजा पर देर शाम नगर निगम की टीम कार्रवाई करने पहुंची। इस कार्रवाई का भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने कड़ा विरोध किया। बताया जा रहा है कि सभी नेता शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई नेताओं को जबरन डिटेन कर लिया और उन्हें पुलिस थाना सदर जमशेर ले जाया गया। सूत्रों के अनुसार, करीब 5 घंटे बीत जाने के बाद भी इन नेताओं को हिरासत में रखा गया है। थाने के अंदर लगभग 40 लोग मौजूद हैं, जबकि थाने के बाहर 100 से 150 लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और पुलिस अपनी धक्केशाही पर उतर आई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने करीब 40 नेताओं को हिरासत में लिया है, जिनमें सुशील कुमार रिंकू, मनोरंजन कालिया, शीतल अंगुराल, नवल कंबोज, दर्शन भगत, सरताज, जसलीन सेठी, सोनू संदल, राजेश भट्टी, अशोक सरीन हिक्की, पंकज चड्ढा, सतनाम बिट्टा, विपन सभ्रवाल, प्रदीप खुल्लर, हिमांशु छिब्बड़, अश्वनी ढंड, अशोक कुमार और हनी कंबोज सहित अन्य नाम शामिल हैं।
आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ धक्का-मुक्की की। वहीं, जब थाना एसएचओ सूरी से इस संबंध में फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

