लुधियाना में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश
punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2026 - 09:08 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के नवनियुक्त नगर निगम कमिश्नर दमनजीत सिंह मान ने आज नगर निगम के समस्त 'चार्ज अधिकारियों' और 'सहायक चार्ज अधिकारियों' के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 'जनगणना 2027' के दूसरे चरण यानी 'जनसंख्या गणना' से जुड़ी तैयारियों की प्रगति का बारीकी से जायजा लेना था। बैठक के दौरान कमिश्नर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्धारित गतिविधियां समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
बैठक के दौरान नगर निगम कमिश्नर दमनजीत सिंह मान ने जनगणना के निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट ली और लंबित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों और फील्ड स्टाफ के बीच बेहतर आपसी तालमेल कायम रखा जाए। कमिश्नर ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और तय समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनसंख्या गणना के कार्य को सुचारू रूप से अंजाम दिया जा सके।
बैठक में चर्चा का सबसे प्रमुख केंद्र आगामी 'स्व-गणना' प्रक्रिया रही, जो 16 से 30 नवंबर, 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस अभियान में शहरवासियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीतियों पर मंथन किया गया। शहर के हर वार्ड और मोहल्ले में विशेष जागरूकता मुहिम चलाई जाएगी। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और स्थानीय संस्थाओं के माध्यम से आम लोगों तक सीधा संपर्क साधा जाएगा। नागरिकों को ऑनलाइन और डिजिटल माध्यमों से स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कमिश्नर ने अधिकारियों को हिदायत दी कि वे नागरिकों को 'स्व-गणना' के सरल तरीके और इसके महत्व के बारे में विस्तार से जागरूक करें।
बैठक में यह भी जानकारी साझा की गई कि जनगणना 2027 के प्रति आम जनता को शिक्षित करने के लिए 1 से 25 दिसंबर, 2026 तक एक विशेष 'डिजिटल जागरूकता वैन' लुधियाना जिले के विभिन्न शहरी व ग्रामीण इलाकों का दौरा करेगी। यह वैन आधुनिक डिजिटल डिस्प्ले और जन-सूचना संदेशों के माध्यम से निवासियों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया समझायेगी। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना और जनसंख्या गणना के दौरान परिवार से जुड़ी सही व सटीक जानकारी दर्ज करवाने के महत्व को उजागर करना है।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में सहायक कमिश्नर नीरज जैन, सुपरिंटेंडेंट तरुण गोयल, जनगणना संचालन निदेशालय (पंजाब, चंडीगढ़) के जिला कोऑर्डिनेटर अलोक कुमार सहित नगर निगम लुधियाना के सभी चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी और अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने समन्वय को और मजबूत करते हुए जनगणना 2027 के इस महाअभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प लिया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

