पंजाब के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी खन्ना पहुंचे, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का लिया जायजा
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 07:29 PM (IST)
खन्ना (विनायक): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) अभियान के तहत पंजाब के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमनदीप बांसल, आईएएस ने जिला लुधियाना के 57-खन्ना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न पोलिंग बूथों का दौरा कर घर-घर जाकर किए जा रहे मतदाता गणना एवं सत्यापन कार्य का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वेक्षण, पात्र मतदाताओं की पहचान, मतदाता सूचियों के अद्यतन तथा नए पात्र मतदाताओं का विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने चुनाव अमले के साथ बातचीत कर सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्धारित समय के भीतर सभी कार्यों को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूचियों की शुद्धता और पारदर्शिता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए तथा अपात्र अथवा दोहराए गए नामों को नियमानुसार हटाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया को और अधिक विश्वसनीय एवं निष्पक्ष बनाया जा सके।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे बूथ लेवल अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करें तथा अपने मतदाता विवरण की जांच कर समय रहते आवश्यक संशोधन करवाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूचियों को और अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

