Punjab : टोल प्लाजा पर खूनखराबा: दिन-दहाड़े चली गोलियां! लोगों में फैली दहशत
punjabkesari.in Tuesday, Nov 11, 2025 - 08:01 PM (IST)
लुधियाना : शहर में दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लाडोवाल के पास स्थित टोल प्लाजा पर अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। जानकारी के अनुसार, चार युवकों ने कार में सवार होकर टोल प्लाजा पहुंचते ही वहां तैनात मैनेजर पर गोलियां बरसा दीं। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। सूत्रों के मुताबिक, यह वारदात समराला के घुलाल टोल प्लाजा क्षेत्र में हुई है। पुलिस को सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है ताकि हमलावरों की कार को पकड़ा जा सके।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है। हमलावरों ने टोल प्लाजा के मैनेजर यादविंदर सिंह को निशाना बनाया और उन पर कई राउंड फायर किए। इस हमले में यादविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद टोल प्लाजा क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया। लोगों ने बताया कि गोलीबारी के दौरान वहां कई वाहन टोल पार कर रहे थे और अचानक फायरिंग होते ही ड्राइवरों ने अपने वाहन छोड़कर भागना शुरू कर दिया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद घायल को अस्पताल दाखिल करवाया गया है।

