Punjab में High Alert! सभी हवाई अड्डों व संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई, सख्त आदेश जारी
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 12:01 PM (IST)
जालंधर/चंडीगढ़: राज्य में जालंधर तथा अमृतसर में सीमा सुरक्षा बल तथा सेना के परिसरों के पास हुए बम धमाकों के बाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य में स्थित अमृतसर, मोहाली, हलवारा, आदमपुर हवाई अड्डों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। पंजाब पुलिस प्रमुख गौरव यादव ने ट्रेनिंग पर गए पुलिस कर्मचारियों को भी प्रमुख शहरों में कानून-व्यवस्था की ड्यूटी पर आगामी आदेशों तक तैनात कर दिया है। यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि आतंकियों का अगला निशाना हवाई अड्डे या अन्य संवेदनशील स्थान हो सकते हैं।
जिलों में नाइट डोमिनैंस आप्रेशन भी शुरू
पाकिस्तान व उसकी एजैंसी आई.एस.आई. ने अब पंजाब को अपने निशाने पर ले लिया है क्योंकि एक तो राज्य विधानसभा के चुनाव अगले कुछ महीनों में होने हैं तथा दूसरा इस समय सरकार व राजनीतिक पार्टियों का ध्यान अपनी सभाओं की तरफ रहेगा। डी.जी.पी. गौरव यादव ने कहा कि हम कोई भी जोखिम उठाने के लिए तैयार नहीं हैं इसलिए अतिरिक्त फोर्स को गतिशील किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी जिलों में नाइट डोमिनैंस आप्रेशन भी शुरू कर दिए गए हैं और इन आप्रेशनों में सभी पुलिस कमिश्ररों तथा एस.एस.पीज. को स्वयं फील्ड में जानेके निर्देश दे दिए गए हैं।
सभी मार्गों पर नए सिरे से लगाए नाके
उल्लेखनीय है कि पटियाला में रेलवे ट्रैक, उसके बाद जालंधर व अमृतसर में हुए बम धमाकों की जिम्मेदारी खालिस्तानी संगठनों ने ली है। यह ब्लास्ट आई.ई.डी. से किए गए थे। केंद्र की एन.आई.ए. की टीमें पंजाब पुलिस के अधिकारियों से आज भी बैठकें करती रही और इन धमाकों की गहराई में जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह भी पता चला है कि पंजाब में प्रविष्ट होने वाले सभी मार्गों पर नए सिरे से नाके लगा दिए गए हैं। जम्मू-कश्मीर से पठानकोट से आने वाले मार्ग पर पुलिस नाकों को मजबूत बनाया गया है और साथ ही हरियाणा और राजस्थान से पंजाब में प्रविष्ट होने वाले मार्गों पर भी रात्रिकालीन चैकिंग को बढ़ा दिया गया है।

