Punjab-Haryana में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 2 दिन भारी बारिश का Orange Alert जारी
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 12:05 PM (IST)
जालंधर: पंजाब, हरियाणा के कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई। पंजाब और हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने 21 और 22 जुलाई के लिए भारी बारिश का "ऑरेंज अलर्ट" जारी किया है, जबकि 23 जुलाई को सामान्य बारिश को लेकर 'यैलो अलर्ट' रहेगा।
तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह देते हुए निचले इलाकों में जलभराव, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। पंजाब के कुछ क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बारिश हुई, जबकि हरियाणा के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार की तुलना में पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 3.9 डिग्री सैल्सियस तथा हरियाणा में 4.2 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।
हालांकि बारिश के बावजूद पंजाब के कई हिस्सों में गर्मी का असर पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान फरीदकोट में सबसे अधिक 41.9 डिग्री सैल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा में केनाल कॉलोनी में अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

