Punjab : भारतीय इलाके में घुसे 2 पाकिस्तानी, बी.एस.एफ. ने पाक सेना के किया हवाले

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 12:01 AM (IST)

तरनतारन (रमन) : 19 मई की दोपहर को गलती से बॉर्डर पार करके वैन के साथ भारतीय इलाके में घुस आए 2 पाकिस्तानी नागरिकों को बी.एस.एफ. ने गिरफ्तार कर लिया था। बी.एस.एफ. ने उनसे पूछताछ और पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों से मीटिंग के बाद गुरुवार शाम को उन्हें पाक सेना के हवाले कर दिया।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे जब बी.एस.एफ. के जवान जिले के अंतर्गत आते भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से सटे गांव वां तारा सिंह में पैट्रोलिंग कर रहे थे, तो अमरकोट सैक्टर के जवानों ने जैसे ही एक सफेद सुजुकी वैन को भारतीय इलाके की ओर आते देखा तो वे हरकत में आ गए। भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पार कर रही वैन पिलर पार करते हुए भारतीय इलाके में घुस गई। इसलिए बी.एस.एफ. ने वैन को रोका और उसमें सवार 2 पाकिस्तानियों को हिरासत में ले लिया। जिनकी पहचान मुहम्मद सलीम (60) पुत्र नजीर अहमद, निवासी नस्तर कॉलोनी, फिरोजपुर रोड, लाहौर और आमिर नवाज (40) पुत्र मोहम्मद नवाज, निवासी यासीन टावर, गाजी रोड, लाहौर के तौर पर हुई है। बी.एस.एफ. ने दोनों पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की, जिसमें पता चला कि दोनों पाकिस्तानी नागरिक पाकिस्तान की सीमा से लगे गांवों में कुछ किताबें वगैरह बांटने आए थे, जो गलती से बॉर्डर पार करके भारतीय इलाके में घुस आए। गुरुवार देर शाम बी.एस.एफ. और पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों के बीच हुई खास मीटिंग के बाद दोनों नागरिकों को पाकिस्तान को सौंप दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News