जानें आने वाले दिनों के मौसम का हाल, विभाग ने दी जानकारी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 07, 2023 - 09:53 AM (IST)

जालंधर: दोपहर 12 बजे के बाद धूप अब चुभने लग गई है। मौसम में एक दम से बड़ा बदलाव हो रहा है। तापमान में इजाफा हो रहा है जिससे रात के तापमान में भी अंतर आना शुरू हो गया है। 

मौसम विभाग के अनुसार 2 दिन तक मौसम खुश्क रहेगा और उसके बाद 2 दिन बाद पंजाब के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है लेकिन तापमान में उतनी गिरावट दर्ज नहीं होगी। सोमवार को दिन के समय जालंधर का अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री तो पठानकोट में 26.9 दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 12.9 जालंधर में दर्ज किया गया है। अभी धूप अच्छी लगती है लेकिन फरवरी के बीतते हुए धूप में बैठना मुश्किल हो जाएगा। मौसम विभाग ने इस बार फरवरी में हल्की बरसात की ही संभावना जताई है। बरसातें कम हो रही हैं जो कि विभाग के लिए चिंता का विषय है।

2013 में फरवरी महीने में हुई थी 70.3 एम.एम. बरसात

मौसम में हो रहे बदलाव को देखते हुए इस बार भी बरसात नाममात्र ही होगी, जबकि फरवरी 2013 में 70.3 मिलीमीटर के करीब बारिश हुई थी। उसके बाद 2015 में 58.73 के करीब हुई। उसके बाद 2019 फरवरी में 60.7 एम.एम. हुई। 2020 फरवरी में 5.4 एम.एम. और इस साल फरवरी में इससे भी कम होने की संभावना है। हालांकि इस मौसम में धुंध और कोहरे ने गेहूं की फसल को काफी फायदा पहुंचाया है। इस बार गेहूं की पैदावार पिछले सालों के मुकाबले अधिक होने वाली है जिसका फायदा किसानों व सरकार दोनो को होगा।

ए.क्यू.आई. में हुआ सुधार, 100 से नीचे पहुंचा

जनवरी के अंत में शहर में हुई बारिश ने शहर का एयर क्वॉलिटी सुधारने में अहम रोल अदा किया है। 200 के पार पहुंचने वाला ए.क्यू.आई. अब 100 से नीचे पहुंच चुका है यानि सोमवार को रात 9 बजे के करीब ए.क्यू.आई. 96 और दिन में 157 के करीब रहा। ए.क्यू.आई. में हुए सुधार को लेकर विशेषज्ञों ने भी राहत की सांस ली है लेकिन अभी भी उनका कहना है कि कूड़े व गंदगी को आग न लगाई जाए तो ए.क्यू.आई. इससे भी कम हो सकता है। लाखों लोगों को राहत की सांस मिलेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Recommended News

Related News