अमेरिका में पंजाबी युवक की मौत, परिवार में छाया मातम, हार्ट अटैक का शक
punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 06:11 PM (IST)
लुधियाना/खन्ना: पंजाब के खन्ना से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां गांव घणगस के रहने वाले एक युवा की अमेरिका में अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान महक सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले करीब दो साल से विदेश में रहकर काम कर रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक महक सिंह दो साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में पहले कनाडा गया था और उसके बाद वह अमेरिका चला गया। इन दिनों वह अमेरिका के इंडियाना शहर में एक स्टोर पर काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि 22 अप्रैल को काम के दौरान ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे हार्ट अटैक आने का शक जताया जा रहा है। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, महक की अपने पिता से आखिरी बार करीब 15 दिन पहले बातचीत हुई थी। उस दौरान उसने सब कुछ ठीक होने की बात कही थी और परिवार को जल्द घर आने का भरोसा भी दिलाया था। लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

