Rain Alert:पंजाब में बिगड़ेगा मौसम! इन तारीखों में घर से बाहर निकलने से पहले पढ़ें...

punjabkesari.in Saturday, May 03, 2025 - 11:42 AM (IST)

जालंधर (पुनीत): पंजाब में लंबे समय से शुष्क मौसम के बाद अब मौसम का मिजाज बदल रहा है। गत रात हुई बारिश व तेज हवाओं से मौसम में हलकी सी ठंडक देखने को मिली है, जिसने भीषण गर्मी से राहत प्रदान की है। वहीं, मौसम विभाग द्वारा अगले 3-4 दिनों के लिए यैलो व ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए आंधी-तूफान व बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में पटियाला, मोहाली, तरनतारन, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट आदि जिलों में आंधी-तूफान जैसी स्थिति की भविष्यवाणी की है।

इसके मुताबिक 3 मई को यैलो अलर्ट जबकि 4 व 5 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, वहीं 6 मई को यैलो अलर्ट बताया गया है। इन दिनों आंधी-तूफान, बिजली चमकने के साथ-साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। पंजाब के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों तापमान 43 डिग्री को पार कर गया था जिससे भीषण गर्मी ने हाल बेहाल कर रखा था। मौसम विभाग के अनुसार, वीरवार को न्यूनतम तापमान में औसतन 1.5 डिग्री सैल्सियस की बढ़ौतरी दर्ज की गई है। यह सामान्य से करीब 4.1 डिग्री अधिक है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सैल्सियस भाखड़ा डैम (नंगल) में दर्ज किया गया है।

वहीं, अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिली है। आज राज्य में औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सैल्सियस की गिरावट आई है, हालांकि यह अब भी सामान्य के करीब बना हुआ है। अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सैल्सियस बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से किसान वर्ग को खेतों में काम करते समय सतर्क रहने को कहा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News