शादी का झांसा देकर 17 वर्षीय नाबालिगा से दुष्कर्म, बहला-फुसलाकर अलग-अलग जगहों पर ले गया था आरोपी

punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 09:14 AM (IST)

लुधियाना(राज): एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी नाबालिग को अलग-अलग ठिकानों पर ले जाकर उसकी मर्जी के खिलाफ हवस का शिकार बनाता रहा। किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर घर लौटी पीड़िता ने परिजनों को पूरी दास्तान सुनाई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

पीड़िता के पिता की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने आरोपी जतिंदर सिंह के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयानों में पीड़िता के पिता ने बताया कि उसकी छोटी बेटी (उम्र करीब 17 साल 11 महीने) बीते 26 अगस्त को बिना किसी को कुछ बताए अचानक घर से लापता हो गई थी।परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की और रिश्तेदारियों में भी पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। बीती 29 अगस्त को जब नाबालिग लड़की किसी तरह बचकर वापस अपने घर पहुंची, तो उसने रोते हुए परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी जतिंदर सिंह उसे शादी करने का झांसा देकर और बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। आरोपी उसे कई अलग-अलग स्थानों पर लेकर गया और उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने बताया कि जब उसे आरोपी के नापाक इरादों का अहसास हुआ, तो वह किसी तरह मौका पाकर उसके चंगुल से अपनी जान बचाकर सुरक्षित घर लौट आई। परिजनों ने तुरंत पीड़िता को साथ लेकर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पीड़िता का सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया है और अदालत में बयान दर्ज करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika