सरकारी कार या स्टंटबाजी? जांघ पर पिस्टल रख बनाई Reel, VIDEO बना चर्चा का विषय

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 09:42 AM (IST)

लुधियाना (राज) : पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा हथियारों के सार्वजनिक प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर रील बनाने पर पूरी तरह पाबंदी लगाए जाने के बावजूद लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। शहर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में कार के अंदर चार लोग थे सवार
 हैरानी की बात यह है कि जिस कार में हथियारों का प्रदर्शन किया जा रहा था, उसे शहर के आरटीओ दफ्तर में तैनात एक सरकारी अधिकारी चला रहा था। सामने आई वायरल वीडियो में एक कार के अंदर चार लोग सवार दिखाई दे रहे हैं। कार की पिछली सीट पर बैठे दो युवकों के पास पिस्तौलनजर आ रहे हैं। कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए इन युवकों ने हथियारों को अपनी जांघों पर रखा और मोबाइल से वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर स्टेटस के रूप में अपलोड कर दिया। 

आम जनता को कानून और मर्यादा का पाठ कौन पढ़ाएगा? 
वीडियो वायरल होते ही शहर में चर्चा का बाजार गर्म हो गया है। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि कार चलाने वाला व्यक्ति जिले के आरटीओ दफ्तर में एक जिम्मेदार सरकारी पद पर तैनात अधिकारी है। लोगों का कहना है कि जब कानून का पालन करवाने वाले सरकारी अधिकारी ही ऐसी हरकतों को संरक्षण देंगे या उनमें शामिल होंगे, तो आम जनता को कानून और मर्यादा का पाठ कौन पढ़ाएगा? फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो में दिख रहे हथियार लाइसेंसी हैं या अवैध। पुलिस द्वारा जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी कि हथियार किसके नाम पर पंजीकृत हैं?


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News