जालंधर में स्नैचिंग! महिला के कान से टॉप्स झपटे, CCTV खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 06:08 PM (IST)
जालंधर : जालंधर में स्नैचिंग की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि बबरीक चौक के पास 2 युवक महिला के कान से टॉप्स झपटकर भाग गए। बड़ी हैरानी की बात है कि 15 अगस्त के समय शहर में पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है, लेकिन बावजूद इसके स्नैचर बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जोकि बड़ा सवाल है।
पीड़ित महिला ने बताया कि शाम 4 बजे के करीब वह अपने पोते के साथ एक्टिवा से जा रही थी। जैसे ही वे दोनों बबरीक चौक के पास पहुंचे तो पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने उसके कानों पर झपटा मारा। जब तक वह संभल पाती और कुछ कर पाती तब तक दोनों स्पीड से निकल गए। घटना के बाद मौके पर लोग भी एकत्रित हुए लेकिन युवकों को पकड़ नहीं पाए। उनकी बाइक का नंबर भी नोट नहीं किया जा सका। मौके पर पहुंची थाना-5 की पुलिस ने महिला से पूछताछ की और उसके बयानों पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि आस पास के सीसीटीवी चेक कर आरोपियों का पता लगाया जाएगा।



