जैविक कचरे में आग लगाने पर नगर निगम का ठेकेदार के विरुद्ध कड़ा Action!
punjabkesari.in Saturday, Aug 19, 2023 - 05:27 PM (IST)

लुधियाना: सिधवां नहर वाटरफ्रंट फेज़-2 (इश्मीत सिंह रोड) पर जैविक/हरा कचरा जलाने पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने ग्रीन बेल्ट के रख-रखाव के लिए जिम्मेदार ठेकेदार को 25000 रुपये का मोटा चालान किया है। नगर निगम को शिकायत मिलने और ठेकेदार के कर्मचारियों को उक्त स्थल पर कूड़ा जलाते हुए पकड़े जाने के बाद सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों-2016 का उल्लंघन करने पर चालान जारी किया गया है। नगर निगम कमिश्नर डाॅ. शेना अग्रवाल ने बताया कि फील्ड स्टाफ को सतर्क रहने और कूड़ा जलाते हुए पकड़े जाने पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. शेना अग्रवाल ने आगे कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है क्योंकि कूड़ा जलाने से वायु प्रदूषण होता है और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एन.जी.टी.) ने भी पिछले समय में इसका कड़ा संज्ञान लिया है। शहरवासियों को भी प्रशासन का सहयोग करते हुए कूड़ा जलाना बंद करना चाहिए। इससे पहले पिछले साल दिसंबर महीने में भी गुरु नानक पब्लिक स्कूल (जी.एन.पी.एस.) सराभा नगर द्वारा सिधवां नहर के अंदर स्कूल द्वारा चलाए गए सफाई अभियान के दौरान फैकल्टी और छात्रों को कूड़ा जलाते हुए पकड़े जाने पर 25000 रुपए का चालान काटा गया था।
इसी तरह नगर निगम ने मई महीने में स्कूल स्टाफ द्वारा स्कूल के बाहर कूड़ा जलाते हुए पकड़े जाने के बाद श्री राम यूनिवर्सल स्कूल के खिलाफ 25,000 रुपये का चालान भी जारी किया था। नगर निगम ने मार्च में लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट (एल.आई.टी.) के सुपरवाइजिंग इंजीनियर के खिलाफ भी चालान जारी किया था। यह चालान बी.आर.एस. नगर में डी.ए.वी स्कूल के सामने स्थित लईयर वैली में कूड़ा जलाने की घटना बारे नगर निगम के अधिकारियों को पता लगने पर चालान जारी किया गया था।
नगर निगम द्वारा कूड़ा जलाने पर कड़ी कार्रवाई जारी रखने की बात करते हुए, नगर निगम कमिश्नर डाॅ. शेना अग्रवाल ने शहरवासियों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके कचरा इकट्ठा करने वालों को सौंप कर कचरे के प्रबंधन में सुधार करने के लिए अधिकारियों का सहयोग करने और पाबंदीशुदा प्लास्टिक कैरी बैग और सिंगल यूज़ प्लास्टिक वस्तुओं का उपयोग बंद करने की अपील की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here