आम आदमी पार्टी छोड़कर गए लोग ही खोल रहे पार्टी की पोल – तरुण चुघ

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 11:01 AM (IST)

पंजाब डैस्क : भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने आम आदमी पार्टी के बारे में बात करते कहा कि शुरू से ही भगवंत मान की सरकार इस चुनाव को लूटने की कोशिश में है। भारतीय चुनाव आयोग शुरू से ही कह रहा है कि हमारे पास मशीनें आ गई हैं ले लो और लगातार पंजाब सरकार के इशारे पर लोकल चुनाव आयोग झूठ बोल रहा है। अब जब भारतीय चुनाव आयोग ने मशीनें भेज दी हैं तो भी यह एक ही दलील ले रहे हैं कि पंजाब की भगवंत मान की सरकार जानबूझकर ई.वी.एम. मशीनों का प्रयोग नहीं करना चाहती। इसके अलावा उनके जो मंत्रियों और विधायकों ने जो बयान दिए हैं वो स्पष्ट करते हैं कि इन चुनावों में गुंडागर्दी और डंडातंत्र का प्रयोग आम आदमी पार्टी शुरू से ही कर रही है। चाहे एन.ओ.सी. रद्द करने की मांग हो या जबरन रिटायर करने की बात हो इन सबसे यही स्पष्ट होता है कि आम आदमी पार्टी का किरदार पंजाब में और आगामी चुनावों में धांधली का किरदार है।

हरभजन सिंह द्वारा किए गए ट्वीट पर तरुण चुघ ने कहा कि हरभजन सिंह का बयान आम आदमी पार्टी के अंदरूनी भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है। यह बयान स्पष्ट कर रहा है कि किस तरह आम आदमी पार्टी में पद, मंत्री पद, सांसद की सीटों की बोली लगती है, सीटों की नीलामी होती है। भ्रष्टाचार में पार्टी पूरी तरह से लिप्त है। जितने भी लोग आम आदमी पार्टी के साथ इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन में शुरू हुए थे वो सभी पार्टी को लगातार छोड़कर गए हैं क्योंकि उन्होंने आम आदमी पार्टी का भ्रष्टाचारी, अत्याचारी, राष्ट्र विरोधी चेहरा देख लिया है और आम आदमी पार्टी के लोग लगातार पार्टी का साथ छोड़कर जा रहे हैं। इसके पीछे एक ही कारण है कि जो आदर्श लेकर पार्टी चली थी कि कोठी नहीं लेंगे लेकिन शीशमहल बनवा लिया, गाड़ी नहीं लेंगे लेकिन काफिले ले लिए, गनमैन नहीं लेंगे लेकिन फौज ले ली, ईमानदारी रखेंगे लेकिन कट्टर भ्रष्टाचारियों से भरी पड़ी है आम आदमी पार्टी और लगातार जितने भी आरोप लग रहे हैं उनमें से एक का भी जवाब उनके पास नहीं है। आरोप लगाने वाले भी वही लोग हैं जो उनके साथ बैठकर कल पार्टी चला रहे थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News