पंजाब में बड़ी वारदात : पांच बहनों के इकलौते भाई की हत्या, मचा कोहराम

punjabkesari.in Wednesday, Apr 16, 2025 - 08:58 PM (IST)

बठिंडा  (विजय वर्मा) : जिले की मोड़ मंडी के वार्ड नंबर 10 में 14 अप्रैल की रात को एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक युवक दीप सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही थाना मोड पुलिस ने मृतक के चाचा दर्शन सिंह के बयान के आधार पर सुभाष कुमार, प्रीत, साहिल, आकाशदीप सिंह और छह अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। 

दर्शन सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे दीप सिंह पास की दुकान पर कुछ सामान लेने गया था, तभी आरोपियों ने उसे घेर लिया और गंडासे व कृपाण जैसे तेजधार हथियारों से हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में दीप को सिविल अस्पताल बठिंडा ले जाया गया, जहां से उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया। वहां से भी जब उसे वापस बठिंडा रेफर किया गया, तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दर्शन सिंह के अनुसार, आरोपी युवक नशा तस्करी से जुड़े हुए हैं और मृतक दीप सिंह लगातार इसका विरोध करता था। इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई। पुलिस ने अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया है, जबकि बाकी अज्ञात युवकों की पहचान भी कर ली गई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दीप सिंह अपनी पांच बहनों का इकलौता भाई था और अविवाहित था। परिवार पर इस घटना से गहरा आघात पहुंचा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News