विदेशी नंबरों से आईं धमकी भरी कॉल्स! कारोबारी के परिवार को डराया, दी चेतावनी

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 12:39 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में विदेशी नंबरों से कॉल कर कारोबारियों और परिवारों को डराने-धमकाने और फिरौती मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। खुद को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों बताकर एक व्यक्ति द्वारा चार भाइयों और उनके परिजनों को विदेशी नंबरों से कॉल व वॉयस मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकियां देने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने मांग पूरी न होने पर परिवार के बच्चों और सदस्यों का अपहरण करने की खुली धमकी दी है। पीड़ित प्रदीप सिंगला की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत गैंगस्टर गोल्डी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता प्रदीप सिंगला ने बताया कि बीते कुछ समय से उसे, उसके चार भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों के मोबाइल फोन पर लगातार अलग-अलग विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप/इंटरनेशनल कॉल और वॉयस मैसेज आ रहे हैं। कॉल करने वाला कॉलर खुद को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों बता रहा है और लगातार परिवार से मोटी फिरौती (रंगदारी) की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी मुख्य रूप से निम्नलिखित अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार संपर्क कर रहा था, +44 7919 779569 (यूके), +351 964851142 (पुर्तगाल), +49 1521 2483550 (जर्मनी),+351 939199588 (पुर्तगाल)।

शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी ने वॉयस मैसेज भेजकर धमकाते हुए कहा कि यदि उसकी मांगों को तुरंत स्वीकार नहीं किया गया, तो वह उनके बच्चों या परिवार के किसी भी सदस्य का अपहरण करवा लेगा। आरोपी ने यह भी धमकी दी कि मांग न मानने के गंभीर परिणाम पूरे परिवार को भुगतने होंगे। लगातार मिल रही धमकियों के कारण पूरा परिवार गहरे खौफ और दहशत के साए में जी रहा है।

परिवार की शिकायत और उपलब्ध कराए गए विदेशी नंबरों व ऑडियो रिकॉर्डिंग्स के आधार पर पुलिस ने अज्ञात कॉलर व गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के खिलाफ रंगदारी, आपराधिक धमकी और आईटी एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर क्राइम सेल और तकनीकी टीम की मदद से इन नंबरों के आईपी एड्रेस, वर्चुअल नेटवर्क और स्थानीय मददगारों की कड़ियां खंगाली जा रही हैं ताकि कॉलर की सही लोकेशन और नेटवर्क का पता लगाकर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News