यूपी और बिहार विकास की राह पर, पंजाब पीछे रह गया: बी.एल. संतोष

punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 07:39 PM (IST)

लुधियाना :  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष ने कहा कि दिल्ली से हारकर आए दिल्ली के नेता आज पंजाब चला रहे हैं, जिसके कारण पंजाब  का विकास रुक गया है। इंडस्ट्री हब के रूप में पहचाने जाने वाले लुधियाना की सड़कों की बदतर हालत सरकार की नाकामी की तस्वीर पेश करती है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार की नीतियों के कारण पंजाब की इंडस्ट्री बड़े पैमाने पर पलायन कर रही है। वहीं, भाजपा शासित उत्तर प्रदेश और बिहार में विकास एवं प्रगति हो रही है, जबकि पंजाब पीछे रह गया है।

संतोष आज लुधियाना में लुधियाना शहरी, लुधियाना ग्रामीण, खन्ना, जगराओं, मोगा, रोपड़ और मलेरकोटला जिलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की जोनल बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब इस बार बदलेगा और यह बदलाव भारतीय जनता पार्टी लाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम को पूरे जोर-शोर से जमीनी स्तर पर लागू करने तथा हर मंच के माध्यम से पार्टी की नीतियों एवं मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को पंजाब से भगाना और पंजाब को बचाना भाजपा का संकल्प है।

इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष श्री केवल सिंह ढिल्लों ने बी.एल. संतोष का स्वागत करते हुए कहा कि उनका अनुभव पंजाब की टीम को नई दिशा देगा और 2027 में भाजपा की सरकार बनाने के लिए उनका मार्गदर्शन बेहद लाभदायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार ने पंजाब की आर्थिक स्थिति को बेहद कमजोर कर दिया है और राज्य पर दिन-ब-दिन कर्ज बढ़ रहा है। पंजाब को फिर से महाराजा रणजीत सिंह के शासन जैसी खुशहाली की ओर ले जाने के लिए डबल इंजन वाली भाजपा सरकार जरूरी है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, प्रदेश महामंत्री (संगठन)  श्रीनिवासलू, सह-प्रभारी नरेंद्र रैणा सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor