Punjab : सरकारी दफ्तर में हंगामा, एक्साइज विभाग के एडिशनल कमिश्नर से मारपीट

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 07:18 PM (IST)

लुधियाना : लुधियाना में आबकारी विभाग के एडिशनल कमिश्नर के दफ्तर में उस समय हंगामा हो गया, जब एक व्यक्ति कथित तौर पर बैठक के दौरान कार्यालय में दाखिल हो गया। आरोप है कि व्यक्ति ने अधिकारी के साथ गाली-गलौज करने के बाद धक्का-मुक्की और मारपीट की।

जानकारी के अनुसार, एडिशनल कमिश्नर अमित गोयल अपने विभाग के अधिकारियों के साथ दफ्तर में बैठक कर रहे थे। इसी दौरान कुछ ठेकेदार भी कार्यालय के बाहर मौजूद थे। आरोप है कि इसी बीच पंकज मल्होत्रा नामक व्यक्ति दफ्तर में पहुंचा और अधिकारी से बहस करने लगा।

विवाद बढ़ने पर कथित तौर पर आरोपी ने अधिकारी की कमीज फाड़ दी और उनकी छाती पर मुक्के मारे। इस दौरान उनका सरकारी मोबाइल फोन और चश्मा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद एडिशनल कमिश्नर ने थाना डिवीजन नंबर-5 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस द्वारा घटना के कारणों और पूरे विवाद की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News