Jalandhar : NRI की मौ/त के बाद 11 रजिस्ट्रियां! AAP पार्षद के बेटे पर कांग्रेस नेता ने लगाए आरोप

punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 11:49 AM (IST)

जालंधर (खुराना): आम आदमी पार्टी के वार्ड नंबर-20 के पार्षद मनमोहन सिंह राजू और उनके बेटों सुमित सिंह व जसमीत सिंह उर्फ शुभम पर एक एन.आर.आई. की मौत के बाद उसकी जमीन की रजिस्ट्रियां करवाने के आरोप लगे हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीनानाथ प्रधान ने शनिवार को प्रैस क्लब में प्रैस कांफ्रैंस कर ये आरोप लगाए।

दीनानाथ प्रधान ने आरोप लगाया कि अमेरिका निवासी एन.आर.आई. दलमिंदर सिंह मिन्हास ने करीब 40 मरले जमीन की पावर ऑफ अटार्नी सुमित सिंह के नाम की थी। दलमिंदर सिंह की अमेरिका में मौत के बाद भी उसकी पावर ऑफ अटार्नी के आधार पर जमीन की रजिस्ट्रियां करवाई गईं। उन्होंने बताया कि 1 सितम्बर को दलमिंदर सिंह की मौत की सूचना उसके भाई ने फेसबुक पर दी थी और 4 सितम्बर को अंतिम अरदास की वीडियो भी फेसबुक पर डाली गई थी।

प्रधान के अनुसार, 1 से 15 सितंबर के बीच इस जमीन से संबंधित कुल 11 रजिस्ट्रियां करवाई गईं। इनमें से 7 रजिस्ट्रियां अकेले 2 सितम्बर को हुईं। उनका आरोप है कि इन रजिस्ट्रियों में सुमित सिंह ने जमीन बेची, जबकि कई रजिस्ट्रियों में पार्षद के दूसरे बेटे जसमीत सिंह उर्फ शुभम गवाह बने।

उन्होंने बताया कि अलग-अलग लोगों के नाम पर 3 मरले से लेकर 7 मरले तक के प्लाटों की रजिस्ट्रियां की गईं। प्रधान ने दावा किया कि कुल करीब 43 मरले 469 वर्ग फुट जमीन की रजिस्ट्रियां हुई हैं, जबकि पावर ऑफ अटार्नी करीब 40 मरले जमीन की थी।

दीनानाथ प्रधान ने कहा कि एन.आर.आई. की मौत के बाद पावर ऑफ अटार्नी के आधार पर हुई इन रजिस्ट्रियों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में डिप्टी कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर, पंजाब विजिलैंस ब्यूरो, मुख्यमंत्री दफ्तर, इंकम टैक्स विभाग और ई.डी. को शिकायत देकर जांच की मांग की जाएगी।

दीनानाथ के आरोप निराधार, मानहानि का केस करूंगा : पार्षद मनमोहन राजू

वहीं पार्षद मनमोहन सिंह राजू ने दीनानाथ प्रधान द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि ये आरोप चुनावी रंजिश के कारण लगाए गए हैं। रजिस्ट्रियों को लेकर सभी उनसे सहमत हैं और अभी तक कोई शिकायतकर्त्ता सामने नहीं आया है, जमीन से संबंधित सभी कागजात पूरे हैं।

मनमोहन राजू ने कहा कि वह इस मामले में अपने वकील से सलाह-मशविरा कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर दीनानाथ प्रधान के खिलाफ मानहानि का केस दायर करेंगे। उन्होंने कहा कि कॉलोनी पास है और सभी दस्तावेज पूरे हैं, इसलिए किसी तरह की गड़बड़ी का सवाल ही नहीं उठता।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News