शादी के कुछ दिन बाद ही दुबई लौटे युवक की संदिग्ध हालत में मौ/त, सदमें में परिवार

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 06:34 PM (IST)

गुरदासपुर (हरमन): विदेश में पंजाब के युवक की मौत होने की खबर सामने आई है। जिला गुरदासपुर के थाना भैणी मियां खां के अधीन आते गांव मौजपुर के 25 वर्षीय युवक कुलवंत सिंह की दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की दुखद खबर है। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

मृतक के पिता अजीत सिंह और भाई बसंत सिंह ने बताया कि कुलवंत सिंह रोजगार की तलाश में पिछले कुछ समय से खाड़ी देश दुबई में रह रहा था। कुछ समय पहले वह शादी के लिए अपने गांव लौटा था और विवाह के बाद कुछ दिन घर रहने उपरांत दोबारा दुबई चला गया था। परिवार के अनुसार कुलवंत सिंह ने अपने भाई को फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष के कुछ लोग, जिनमें उसका साला और साढ़ू शामिल हैं, उसे परेशान करते थे और जान से मारने की धमकियां भी देते थे। उसने जल्द ही घर वापस आने की बात भी कही थी।

परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले जब कुलवंत सिंह अपने कमरे से बाहर गया तो थोड़ी दूरी पर उसकी खून से लथपथ लाश मिलने की सूचना मिली। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। परिवार ने यह भी बताया कि कुलवंत सिंह की पत्नी इस समय अपने मायके में रह रही है और वह कुलवंत सिंह के कुछ जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि इस मामले में उसकी पत्नी के कुछ रिश्तेदारों की भूमिका हो सकती है, इसलिए पूरे मामले की गहन जांच की जानी चाहिए।

परिजनों ने बताया कि उन्होंने मृतक का शव भारत लाने के लिए विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और कादियां हलके के इंचार्ज जग्रूप सिंह सेखवां से संपर्क किया है। इस संबंध में प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि वह केंद्र सरकार के संबंधित विभागों और दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास से संपर्क कर रहे हैं, ताकि मृतक का शव जल्द से जल्द परिजनों तक पहुंचाया जा सके। परिवार ने सरकार से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News