ठंड से ठिठुरे लोग: रविवार को सूरज देवता ने खुलकर खेली आंख मिचौली

punjabkesari.in Monday, Dec 30, 2019 - 09:49 AM (IST)

जालंधर(राहुल) : जालंधर सहित समूचे पंजाब व उत्तरी भारत में इस बार की सर्दी आए दिन नए रिकार्ड कायम कर रही है। ठंड ने  पिछले कई दिनों तक लोगों को घरों में दुबकने के लिए मजबूर किया हुआ था, पर रविवार को सूर्य देव को नगरवासियों पर कुछ तरस-सा आया और बादलों के जमावड़े को कई बार चीर कर सूर्य ने अपनी गर्माहट बिखेरने का प्रयास किया, जिससे लोगों को ठंड से कुछेक समय के लिए कुछ राहत तो महसूस हुई। 

जालंधर का अधिकतम तापमान कल के तापमान 8.8 डिग्री सैल्सियस से एक डिग्री सैल्सियस बढ़ कर 9.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सैल्सियस से घटकर 4.3 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया। पश्चिमोत्तर की ओर से आ रही ठंडी हवाओं की रफ्तार आज 4 से 7 कि.मी. प्रति घंटा के आस-पास रही। मौसम विभाग की मानें तो 30 से 31 दिसम्बर तक आसमान में बादलों का ही कब्जा बना रहेगा। दिन के समय हल्की धूप की चमक के चलते देर रात व सुबह के समय धुंध छाने पर दृश्यता प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग ने 31 दिसम्बर व 1 जनवरी 2020 को आसमान में बादल छाए रहने, कुछेक समय के लिए मामूली धूप दिखने तथा गरज-चमक के साथ बारिश पडऩे की संभावना जताई है।
 

सोशल मीडिया पर सर्दी से जुड़े संदेश हो रहे हैं तेजी से वायरल

सोशल मीडिया पर सर्दी से जुड़े संदेशों व वीडियो की गिनती दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। ऐसा ही एक संदेश तेजी से वायरल हो रहा है जोकि स्नान (नहाने) के विभिन्न प्रकारों को दर्शाता है, इस प्रकार से है-

  • कंकड़ी स्नान-इस स्नान में पानी की बूंदों को अपने ऊपर छिड़कते हुए मुंह धोया जा सकता है। 
  •  नल नमस्कार स्नान- इस में आप नल को नमस्ते कर लें, स्नान माना जाएगा। 
  • जल स्मरण स्नान- यह उच्च कोटि का स्नान है, इसको रजाई के अन्दर रहते हुए पानी से नहाने को याद कर लो, नहाया हुआ माना जाएगा। 
  • स्पर्शानुभूति स्नान- इस स्नान में नहाए हुए व्यक्ति को छूने को भी स्नान माना जाएगा। 

शीतकाल को देखते हुए 3 आधुनिक स्नान    

  • आनलाइन स्नान: कम्प्यूटर पर गंगा के संगम की फोटो निकाल कर उस पर 3 बार माऊस क्लिक करें और फेसबुक पर उसे बैकग्राऊंड फोटो के रूप में लगाएं। 
  •  दर्पण स्नान: दर्पण में अपनी छवि को देख कर एक-एक कर तीन मग पानी शीशे पर फैंकें और हर बार ओम का उच्चारण करें। 
  •  वर्चुअल स्नान : सूरज की ओर पीठ कर अपनी छाया पर  लोटे से पानी की धार गिराएं और जोर-जोर से गंगे च यमुने बोलें, यकीनन ताजगी महसूस होगी। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Related News