Punjab : चाइना डोर की चपेट में आने से व्यक्ति की कटी बाजू, लगे 15 से 20 टांके
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 09:49 PM (IST)
रोपड़।
रविवार देर शाम रोपड़ बाइपास पर चाइना डोर की चपेट में आने से एक बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मोरिंडा से रोपड़ के अलीपुर गांव की ओर जा रहे 65 वर्षीय अमरीक सिंह की बाजू चाइना डोर से गहराई तक कट गई। हादसे के समय उनकी पत्नी और पोती भी बाइक पर सवार थीं, जो गनीमत रही कि सुरक्षित हैं।
यह हादसा उस समय हुआ जब बाइक रोपड़ बाइपास के पास पहुंची और सड़क के ऊपर लटकी चाइना डोर अचानक बाइक में फंस गई। चाइना डोर इतनी तेज़ थी कि अमरीक सिंह की बाजू बुरी तरह कट गई। हादसे में उनकी मांसपेशियां और नसें गंभीर रूप से प्रभावित हुईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल अमरीक सिंह को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया। मांसपेशियों और नसों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। घायल की बाजू पर करीब 15 से 20 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है, लेकिन पूरी तरह स्वस्थ होने में समय लगेगा।
डॉक्टरों ने चाइना डोर से होने वाली चोटों को जानलेवा बताते हुए चेतावनी दी है। वहीं, घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि चाइना डोर खुलेआम बिक रही है, जबकि इस पर पहले से प्रतिबंध है।
परिजनों ने चाइना डोर बेचने वालों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

