लुधियाना के इस इलाके में लोगों पर मंडरा रहा खतरा! दहशत में इलाका निवासी
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 03:58 PM (IST)
लुधियाना (गणेश ) : राहों रोड जैन कॉलोनी भाग्य होम वेलफेयर सोसाइटी के अंतर्गत बी-ब्लॉक इलाके में खरीदी गई खाली जमीनें अब गंभीर समस्या का रूप ले चुकी हैं। इस क्षेत्र में 300 से भी अधिक परिवार निवास करते हैं, लेकिन इसके बावजूद कई खाली प्लॉट्स की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे पूरे इलाके का माहौल असुरक्षित बनता जा रहा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, इन प्लॉट्स में लंबे समय से सफाई नहीं करवाई गई है। नतीजतन, वहां घास-फूस, झाड़ियां और छोटे-बड़े पेड़ तेजी से उग आए हैं, जिससे यह स्थान अब किसी जंगल जैसा प्रतीत होता है। इन घनी झाड़ियों के कारण यह जगह अब जानवरों का ठिकाना बन चुकी है। कई बार यहां सांप देखे जाने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा की भावना लगातार बढ़ रही है।
इलाकावासियों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। इससे पहले भी कई बार सांप देखे जा चुके हैं , जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। निवासियों के अनुसार, प्लॉट मालिकों को कई बार सूचित किया गया कि वे अपने प्लॉट्स की सफाई करवाएं और उचित देखभाल करें, लेकिन उन्होंने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद प्लॉट मालिकों के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया है।

इतना ही नहीं, कॉलोनाइजर की ओर से भी इस गंभीर समस्या को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कॉलोनी के विकास और रखरखाव की जिम्मेदारी होने के बावजूद कॉलोनाइजर की चुप्पी ने स्थानीय निवासियों की चिंता और नाराजगी को और बढ़ा दिया है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शाम के समय जब बच्चे पास के पार्क में खेलने जाते हैं, तो अभिभावक लगातार चिंता में रहते हैं। आसपास फैली झाड़ियों और सांपों की मौजूदगी के कारण बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि इन खाली प्लॉट्स के चारों ओर न तो कोई चारदीवारी की गई है और न ही कोई गेट लगाया गया है। इसके कारण कोई भी जानवर आसानी से अंदर-बाहर आ सकता है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। निवासियों का मानना है कि अगर इन प्लॉट्स के चारों ओर चारदीवारी या गेट लगा दिया जाए, तो काफी हद तक इस समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
कॉलोनी के वार्ड निवासियों ने अब इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्लॉट मालिकों द्वारा सफाई नहीं करवाई जाती, तो वे इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होंगे। साथ ही प्रशासन से भी अपील की गई है कि वह इस मामले में हस्तक्षेप कर लापरवाह प्लॉट मालिकों और कॉलोनाइजर के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित करे।
स्थानीय निवासियों राम सैनी, रविंद्र कुमार, सुमित जैन, दीपक सूद, कपिल शर्मा, कपिल टंडन, पियूष वोहरा, अमित जैन, निपुण जैन और सुजल ने एक स्वर में कहा कि अब इस लापरवाही को और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कॉलोनाइजर को भी इस मामले में जिम्मेदार ठहराया जाए और प्लॉट्स की जल्द सफाई करवाई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल पूरे बी ब्लॉक में इस मुद्दे को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

