‘AAP’ सरपंच की गोलियां मारकर हत्या, वारदात के बाद इलाके में सनसनी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 09:01 PM (IST)

तरनतारन/पट्टी (रमन, पाठक, सोढी) : विधानसभा हलका पट्टी के अंतर्गत आते गांव तूत के मौजूदा सरपंच एवं आम आदमी पार्टी से संबंधित अश्वनी कुमार की मंगलवार शाम मोटरसाइकिल सवार 3 हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। इस हमले में सरपंच का ड्राइवर चमकौर सिंह भी गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में अलर्ट जारी करते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम गांव तूत अड्डे पर मौजूदा सरपंच अश्वनी कुमार अपने ड्राइवर चमकौर सिंह के साथ इनोवा कार में मौजूद थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए 3 नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए सीधे गोलियां चला दीं और फरार हो गए। गोलियां लगने से अश्वनी कुमार और चमकौर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों घायलों को तुरंत पट्टी के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान सरपंच अश्वनी कुमार की मौत हो गई। वहीं गोलियां लगने से घायल उनके ड्राइवर चमकौर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।

वारदात की सूचना मिलते ही थाना सदर और थाना सिटी पट्टी की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की। इस हत्याकांड के पीछे लाखों रुपए की फिरौती की मांग पूरी न किया जाना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एस.एस.पी. तरनतारन सुरिंदर लांबा ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का भी पता लगा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News