Punjab: राधा स्वामी सत्संग घर के नजदीक बड़ा हादसा, लोगों ने की सड़क जाम
punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 03:24 PM (IST)
होशियारपुर: होशियारपुर-जालंधर रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रेशम सिंह के रूप में हुई है, जो होशियारपुर के मोहल्ला कीर्ति नगर के निवासी थे। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने होशियारपुर-जालंधर रोड जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मृतक के बेटे बलराम सिंह ने बताया कि रेशम सिंह अपने घर से एक्टिवा पर सवार होकर राधा स्वामी सत्संग घर सेवा के लिए जा रहे थे। जब वह चक्क गुज्जरां के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार दोआबा रोडवेज की बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस रेशम सिंह को एक्टिवा समेत करीब 150 मीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग गुस्से में आ गए और उन्होंने होशियारपुर-जालंधर रोड को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिवार का कहना है कि जब तक फरार बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक सड़क जाम नहीं खोला जाएगा। परिजनों का आरोप है कि अभी तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिस कारण लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।


