Punjab में हादसा : नहर में डूबने से 2 की मौत, 2 युवक बाल-बाल बचे

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 11:16 PM (IST)

भंगा/गढ़दीवाला,  (भटोआ) : कंडी कैनाल नहर के पास स्थित गांव गज्ज में नहर में नहाने के लिए उतरे चार युवकों में से 2 की नहर में डूबने से मौत होने का समाचार प्राप्त हुआ है, जबकि 2 युवक बाल-बाल बच गए हैं।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे चार युवक—दीपक कुमार पुत्र मोहन लाल (निवासी न्यू पार्क ग्रीन, टांडा), जसवीर सिंह पुत्र दलजीत सिंह (निवासी दारापुर फाटक, टांडा), संतोष कुमार पुत्र अर्जुन कुमार (निवासी टांडा) और प्रभजोत सिंह, जिनकी उम्र करीब 20-21 साल के बीच बताई जा रही है—दो मोटरसाइकिलों पर ढोलबाहा डैम से वापस आते समय केंद्रीय विद्यालय गज्ज के पास नहर के पुल के पास नहर में नहाने के लिए उतर गए। नहाते समय इनमें से दीपक कुमार और संतोष कुमार तो बाल-बाल बच गए, लेकिन जसवीर सिंह और प्रभजोत सिंह पानी के तेज बहाव के कारण आगे बह गए।

राहगीरों और गांव गज्ज के निवासियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत सरकारी अस्पताल भंगा लाया गया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस चौकी भंगा के प्रभारी ए.एस.आई. बलवीर सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर उनका पोस्टमार्टम करवाने के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर भेज दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News