Jalandhar के स्कूल में तीसरी कक्षा की छात्रा को तालिबानी सजा! स्कूल में परिजनों का हंगामा
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 01:24 PM (IST)
जालंधर (सोनू): शहर के काला संघिया रोड स्थित टैगोर इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा(8) को तालिबानी सजा देने का मामला सामने आया है। बच्ची के परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल की टीचर ने उसे बालों की दो पौनी की जगह एक पौनी बनाकर आने पर सख्त सजा दी। परिजनों का कहना है कि बच्ची 2 दिन तक डरी रही और बाद में रोते हुए उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिवार बच्ची को लेकर स्कूल पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी।

दानिशमंदा निवासी रोहित कुमार ने बताया कि उनकी बेटी तीसरी कक्षा में पढ़ती है, जो स्कूल में बालों की दो पौनी की जगह एक पौनी बनाकर गई थी। इस बात को लेकर टीचर ने न तो डायरी में कोई नोट लिखा और न ही माता-पिता को इसकी जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि इसी बात पर बच्ची को सख्त सजा दी गई। बच्ची ने रोते-बिलखते बताया कि टीचर ने उसे हाथ जमीन पर रखकर पैरों को ऊपर उठाते हुए हाथों के सहारे चलाया गया। परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद से बच्ची की हालत ठीक नहीं है और वह 2 दिन से ठीक से सो भी नहीं पा रही, जिसे अस्पताल भी ले जाया गया है।

मां का आरोप है कि टीचर ने बच्ची को इस बारे में घर पर न बताने की धमकी भी दी थी। जैसे ही बच्ची का परिवार स्कूल पहुंचा तो मैनेजमेंट ने उन्हें संबंधित टीचर से नहीं मिलवाया और उन्हें वीडियो बनाने की अनुमति भी नहीं दी, उन्होंने इस मामले में दो टीचरों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। वहीं इस मामले में पुलिस ने परिवार से बात कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस के अनुसार, स्कूल मैनेजमेंट ने समझौता होने की बात कही है, लेकिन परिवार की ओर से शिकायत दी गई है। फिलहाल, इस मामले पर स्कूल मैनेजमेंट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्कूल का गेट बंद रखा गया और मैनेजमेंट ने मीडिया से दूरी बनाए रखी।

