उपचुनाव के चलते जालंधर लोकसभा सीट पर मौजूदा व पूर्व मुख्यमंत्रियों का जमावड़ा
punjabkesari.in Friday, Apr 21, 2023 - 05:05 PM (IST)

लुधियाना (हितेश): जालंधर लोकसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव के दौरान सभी पार्टियों के मौजूदा व पूर्व विधायकों, मंत्रियों व सांसदों की भीड़ नजर आ रही है वहीं, उप चुनाव के चलते जालंधर लोकसभा सीट पर मौजूदा व पूर्व मुख्यमंत्रियों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। इनमें सबसे अहम नाम आम आदमी पार्टी की तरफ से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का है, जो लगातार जालंधर में दस्तक दे रहे हैं।
इसी केटेगरी में कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कोर भट्ठल व चरणजीत चन्नी का नाम शामिल है, जो कि पार्टी उम्मीदवार के हक में प्रचार करने के लिए जालंधर आ रहे हैं। इसके अलावा भाजपा द्वारा पंजाब के इंचार्ज लगाए गए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपानी भी पक्के तौर पर जालंधर में डेरा डाल कर बैठे हुए हैं। जहां तक पंजाब के अन्य पूर्व मुख्यमंत्रियों का सवाल है, उनमें से प्रकाश सिंह बादल हॉस्पिटल में दाखिल हैं और कैप्टन अमरिंदर सिंह के भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में जालंधर आने को लेकर सस्पेंस बरकरार है।
हालांकि कांग्रेस द्वारा जारी की गई स्टार प्रचारकों की लिस्ट में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खु, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का नाम शामिल किया गया है। इसी तरह भाजपा उम्मीदवार के हक में प्रचार करने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के अलावा अकाली दल-बसपा के उम्मीदवार के लिए वोट मांगने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के भी जालंधर आने की चर्चा सुनने को मिल रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here