Jalandhar बस स्टैंड पर 180 रुपए के 2 नान ने मचाया बवाल, ग्राहक-दुकानदार में जमकर मारपीट

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 05:42 PM (IST)

जालंधर (सोनू) : जालंधर बस स्टैंड पर नान के रेट को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। बस स्टैंड स्थित एक ढाबे पर ग्राहक और संचालक के बीच जमकर हाथापाई हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे से उलझते नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक ऊना निवासी एक व्यक्ति अमृतसर से ऊना की ओर जा रहा था। रास्ते में वह बस स्टैंड पर रुका और यहां स्थित ज्ञानी दा ढाबे पर नान खाने के लिए पहुंचा। ग्राहक ने दो नान का ऑर्डर दिया।

खाना खाने के बाद जब ग्राहक ने बिल पूछा तो उसे दो नान के लिए 180 रुपए बताए गए। ग्राहक ने कीमत को लेकर आपत्ति जताई और इसी बात पर ढाबा संचालक से उसकी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष सड़क पर आ गए और एक-दूसरे के साथ मारपीट शुरू कर दी। सामने आई वीडियो में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि इस दौरान ग्राहक के साथ थप्पड़ भी मारे गए। झगड़े में ग्राहक के माथे पर चोट लगने की बात सामने आई है।

उधर, ढाबा संचालक हरजिंदर सिंह का कहना है कि एक नान की कीमत 90 रुपए है और ग्राहक को दो नान के 180 रुपए ही बताए गए थे। उनका आरोप है कि ग्राहक ने पैसे देने को लेकर विवाद खड़ा किया और बाद में उसके साथ भी मारपीट की गई तथा कपड़े फाड़ दिए गए। दुकानदार ने ग्राहक पर नशे में होने का आरोप भी लगाया है। मामले में एक और सवाल ढाबे पर रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं होने को लेकर उठ रहा है। इस पर दुकानदार का कहना है कि बस स्टैंड पर अन्य दुकानों पर भी रेट लिस्ट नहीं लगी हुई है।

घटना के बाद दोनों पक्ष पुलिस के पास पहुंच गए और अपनी-अपनी शिकायत दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News