हत्या कर जंगल में फैंका शव, पहचान मिटाने के लिए कमर से ऊपर का हिस्सा जलाया

punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2020 - 12:00 PM (IST)

चंडीगढ़(सुशील राज) : धनास लेक से डड्डूमाजरा जाने वाली सड़क किनारे जंगल एरिया में वीरवार को एक व्यक्ति का अधजला शव पड़ा मिला। वन विभाग के चौकीदार ने सूचना पुलिस को दी। सैक्टर-11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जी.एम.एस.एच.-16 पहुंचाया। पुलिस के अनुसार बॉडी के निचले हिस्से को जानवरों ने नोच रखा था। 

शव करीब पांच दिन पुराना लग रहा था। मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवक की हत्या के बाद शव जंगल में फैंका गया था। युवक की पहचान छिपाने के लिए कमर का ऊपरी हिस्सा जलाया गया था। मृतक 25 से 30 साल का था। सैक्टर-11 थाना पुलिस ने हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं के तहत अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया है। वीरवार सुबह करीब 8:30 बजे वन विभाग के चौकीदार महेंद्र राम और मुकेश धनास स्थित लेक रोड पर ड्यूटी पर थे। इस दौरान उन्हें बदबू आई तो उन्होंने देखा कि जंगल साइड एरिया में एक युवक का शव पड़ा है। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सैक्टर-11 के कार्यवाहक थाना प्रभारी शेर सिंह, पी.सी.आर. के इंस्पैक्टर रामदयाल सी.एफ.एस.एल. की टीम और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा तो हैरान हो गए। पुलिस ने मृतक युवक की पहचान के लिए आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी।

दो घंटे पड़ा रहा शव  
युवक का अधजला शव मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जांच करती रही लेकिन शव को नहीं उठाया। पुलिस ने शव को करीब दो घंटे बाद दस से साढ़े दस बजे के बीच अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या किसी और जगह पर की गई है। इसके बाद आरोपियों ने युवक का शव जंगल में फैंक कर आग लगाकर पहचान छिपाने की कोशिश की।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News