Jalandhar: क्यूरो मॉल के पास घर में लगी आग, DJ का सामान जलकर राख

punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 03:34 PM (IST)

जालंधर(सोनू): शहर की न्यू कलगीधर कॉलोनी में गुरुवार को एक घर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा DJ का सामान और स्क्रीन इसकी चपेट में आ गए। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जानी नुकसान होने से बचाव रहा।

जानकारी के अनुसार, क्यूरो मॉल के पास स्थित न्यू कलगीधर कॉलोनी में दोपहर करीब 1 बजे आग लगने की सूचना मिली। आसपास के लोगों ने घर से आग की लपटें उठती देख दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घर के मालिक ने बताया कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थे। उन्हें फोन के जरिए घर में आग लगने की जानकारी मिली। जब वह वहां पहुंचे तो घर में रखा DJ का सामान और स्क्रीन जलकर राख हो चुके थे। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं किया गया है।

वहीं, दमकल कर्मी नरेश कुमार ने बताया कि विभाग को न्यू कलगीधर कॉलोनी में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे में किसी के घायल होने या जानी नुकसान की सूचना नहीं है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News