मशहूर पंजाबी गायक पर हमला, Highway पर बदमाशों ने चलाई गोलियां

punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 03:54 PM (IST)

पंजाब डेस्क: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर गायक राणा सहोता से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। गायक द्वारा सोशल मीडिया पर सांझा की गई जानकारी के मुताबिक 7 मार्च की रात मोहाली से अपने गांव बारा पिंड (गोराया) लौटते समय बंगां-नवांशहर हाईवे पर कुछ अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने उन पर हमला करने की कोशिश की।

PunjabKesari

राणा सहोता के अनुसार वह अपने साथी कशविंदर सुमन के साथ मोहाली से वापस आ रहे थे। रात करीब 10:30 बजे जब उनकी कार बछवां टोल प्लाजा से लगभग 3 किलोमीटर आगे पहुंची, तो पीछे से आ रही एक संदिग्ध कार ने लगातार उनकी गाड़ी को लाइट मारनी शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों ने अपनी कार उनकी गाड़ी के बराबर लाकर उन्हें रुकने का इशारा किया।

PunjabKesari

हवाई फायरिंग कर फैलाया खौफ
स्थिति को गंभीर देखते हुए कशविंदर सुमन ने गायक को गाड़ी न रोकने की सलाह दी। इसी दौरान हमलावरों ने हथियार दिखाए और कार रुकवाने के लिए हवाई फायरिंग शुरू कर दी। राणा सहोता ने हिम्मत दिखाते हुए कार की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक बढ़ा दी और किसी तरह हमलावरों से पीछा छुड़ाकर सीधे बंगां थाने पहुंच गए। गायक ने बताया कि वह वर्ष 2009 से लगातार भारत आते रहे हैं और यहां काफी समय बिताते हैं, लेकिन उनके साथ ऐसी डरावनी घटना पहली बार हुई है। उन्होंने कहा कि यह किसी बुरे सपने जैसा था और वह काफी डरे हुए थे, हालांकि राहत की बात है कि वे सुरक्षित पुलिस तक पहुंच गए।

पुलिस ने शुरू की जांच
बंगां पुलिस ने गायक की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News