लुधियाना के कारोबारी से 21 लाख की बड़ी ठगी, लाखों का माल डकार गए फर्जी ट्रांसपोर्टर
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 09:53 AM (IST)
लुधियाना(राज): फर्जी ट्रांसपोर्टर द्वारा एक धागा कारोबारी को अपनी ठगी का शिकार बनाकर लाखों रुपये का माल खुर्द-बुर्द करने का बड़ा मामला प्रकाश में आया है।
शातिर ठगों ने खुद को ट्रांसपोर्ट कंपनी का मालिक बताकर कारोबारी का भरोसा जीता और फिर करीब 21 लाख रुपये की कीमत का माल लेकर फरार हो गए। थाना टिब्बा की पुलिस ने शिकायत की लंबी जांच के बाद अब आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी राव केरियर एंड ट्रांसपोर्ट के सोनू और शाहरुख है जोकि न्यू शक्ति नगर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में केशव यार्न के पंकज कुमार ने बताया कि आरोपी सोनू और शाहरुख, जिन्होंने खुद को 'राव करियर एंड ट्रांसपोर्ट' का मालिक बताया था, ने एक सोची-समझी साजिश के तहत उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने लुभाने वाली बातों और भरोसे के जाल में फंसाकर अपना माल उनके जरिए भेजने के लिए राजी कर लिया।
पीड़ित पंकज कुमार के अनुसार, उन्होंने 6 दिसंबर 2025 से 12 दिसंबर 2025 के बीच अपनी फर्म से तैयार माल (धागा) आंध्र प्रदेश के लिए लोड करवाया था। इस माल की कुल कीमत 21 लाख 18 हजार 641 रुपये थी। आरोप है कि सोनू और शाहरुख ने मिलीभगत कर इस माल को उसकी मंजिल (आंध्र प्रदेश) तक नहीं पहुंचाया और रास्ते में ही उसे हड़प कर लिया।

