सलमान खान को मारने  के लिए Gangster लॉरेंस गैंग ने बनाया था प्लान B, ऐसे खुला राज

punjabkesari.in Thursday, Sep 15, 2022 - 04:47 PM (IST)

पंजाब डेस्क: फिल्म अभिनेता सलमान खान को मारने की धमकी दे चुके गैंगस्टर लॉरैंस बिश्नोई के कहने पर उसके साथी ना सिर्फ 4 बार मुंबई जाकर उसकी रेकी कर चुके थे, बल्कि वारदात के लिए 4 लाख की कीमत वाली ज्यादा रेंज की राइफल भी खरीद चुके थे। हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब पुलिस ने खुलासा किया है कि लॉरेंस गैंग ने पिछले 3 महीने में सलमान पर हमले की 2 और कोशिशें कीं। उन्होंने एक्टर को उनके फार्महाउस में मारने का प्लान बनाया था। पंजाब पुलिस ने बताया कि सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले लॉरेंस ने सलमान को मारने की साजिश रची थी। प्लान A के फेल होले के बाद गैंग ने प्लान B तैयार किया था। इस प्लान को गोल्डी बराड़ लीड कर रहा था। गोल्डी ने सलमान की हत्या करने के लिए कपिल पंडित (लॉरेंस गैंग का शार्प शूटर) को चुना था और यह तय हुआ था कि पनवेल फार्महाउस जाने के वक्त एक्टर पर जानलेवा हमला किया जाए।

दरअसल, सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वाले 7 गैंगस्टरों में शामिल दीपक मुंडी के साथ गत दिवस नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार हुए कपिल पंडित ने पूछताछ में इस बात का खुलासा किया है कि लॉरैंस बिश्नोई अभिनेता सलमान खान की हत्या करने के लिए एक या दो बार नहीं चार बार साजिश रच चुका है। सबसे पहले उसने 2018 में अपने शार्प शूटर सम्पत नेहरा को इसके लिए मुंबई भेजा था, जिसने कई दिनों तक सलमान की रेकी करने के बाद लॉरैंस को रिपोर्ट दी की उसके करीब जाना आसान नहीं है। उसके पास जो हथियार है उसकी रेंज इतनी नहीं है कि दूर से सलमान को निशाना बना कर गोली चलाई जा सके। इसके बाद लॉरैंस ने एक बार फिर सम्पत को इस वारदात को अंजाम देने के लिए ना सिर्फ मुंबई भेजा, बल्कि उसे 4 लाख रुपए भी उपलब्ध करवाए, ताकि वो ऐसा हथियार खरीद सके जिसकी रेंज ज्यादा हो।

लेकिन वह इसमें दूसरी बार भी सफल नहीं हो सका और बाद में वापस आने पर उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद लॉरैंस ने अपने दूसरे शूटरों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी और इस बार कपिल पंडित और संतोष यादव को इस काम के लिए मुंबई भेजा था। उन्होंने कई दिनों तक मुंबई में रुक कर सलमान खान की रेकी की और इस बात का पूरा खाका तैयार किया ताकि वह कब साइकिल चलाने के लिए घर से निकलता है और उस समय उसके साथ कितनी सुरक्षा होती है। इतना ही नहीं आरोपियों ने खान के शहर से बाहर बने फार्म हाऊस का भी पता लगा लिया था, जहां वो कभी-कभी जाता था। वहां भी उसके साथ ज्यादा सुरक्षा नहीं होती थी। इसी ग्रुप की तरफ से सलमान के पिता तक धमकी भरी चिट्ठी भी भेजी गई थी, जिसके बाद सलमान ने मुंबई पुलिस से अपनी सुरक्षा बढ़ाने के साथ बुलेटप्रूफ गाड़ी की भी मांग की थी। इन दोनों गैंगस्टरों को लॉरैंस का भांजा सचिन थापन लीड कर रहा था, जो मूसेवाला की हत्या से कुछ माह पहले ही फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भाग गया था। बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई सलमान खान की हत्या करके 1998 के काले हिरण के शिकार का बदला लेना चाहता है। लॉरेंस ने 2018 में जोधपुर कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान सलमान को मारने की धमकी दी थी। इसके बाद सलमान सिर्फ दो बार ही जोधपुर में कोर्ट पेश हुए। वहीं हाल ही में सलमान के वकील और उनके पिता सलीम खान को भी धमकी भरा लेटर मिला था, जिसके बाद यह आशंका जताई गई कि ये लेटर लॉरेंस ने ही भेजे थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News