दोराहा पहुंचे हरियाणा CM नायब सैनी, नवरात्र के पहले दिन सेवा और मानवता का दिया संदेश

punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 10:59 PM (IST)

दोराहा, (विनायक): मानवता की सेवा, दया, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी को समर्पित ड्रीम एंड ब्यूटी चैरिटेबल ट्रस्ट ने अपनी स्थापना के 30 वर्ष पूरे होने पर हैवनली पैलेस रिटायरमेंट होम फॉर सीनियर सिटीजन्स, दोराहा के वाइब्रेशन्स हॉल में विशेष समारोह आयोजित किया। ट्रस्ट के चेयरमैन और प्रमुख प्रवासी भारतीय अनिल के. मोंगा व रजनी मोंगा के नेतृत्व में बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज और सलाहकारों के सहयोग से आयोजित इस समारोह में देश-विदेश से पहुंची प्रमुख हस्तियों, हैवनली पैलेस के वरिष्ठ निवासियों, ‘हैवनली एंजल्स’ के बच्चों, स्टाफ सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

शारदीय नवरात्रों के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा के पावन अवसर पर आयोजित इस समारोह ने सेवा, श्रद्धा, मानवता और सामाजिक समर्पण का अनूठा संदेश दिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल हुए, जबकि विश्व शांति केंद्र के संस्थापक जैन आचार्य लोकेश मुनि जी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्रीमती पूजा ग्रोवर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

सैनी और जैन आचार्य लोकेश मुनि जी का ट्रस्ट के चेयरमैन अनिल के. मोंगा,  रजनी मोंगा और प्रबंधकों की ओर से फूलों के गुलदस्ते तथा लोई भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह के दौरान ट्रस्ट के तीन दशकों के सेवा सफर, बुजुर्गों की देखभाल, बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करवाने जैसे मानव कल्याण के कार्यों को उजागर किया गया।

बुजुर्गों की सेवा और बच्चों के सपनों को साकार करना सबसे बड़ा पुण्य: नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ड्रीम एंड ब्यूटी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से पिछले तीन दशकों से किए जा रहे समाज सेवा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज की तेज रफ्तार जिंदगी में बुजुर्गों को सहारा देना, उनकी भावनाओं को समझना और बच्चों को प्यार, सुरक्षा तथा बेहतर भविष्य प्रदान करना बहुत महत्वपूर्ण है। किसी जरूरतमंद का सहारा बनना, उसके साथ समय बिताना और उसे यह एहसास करवाना कि वह समाज का अहम हिस्सा है, मानवता की सबसे उत्तम सेवा है।
उन्होंने कहा कि हैवनली पैलेस जैसी संस्थाएं बुजुर्गों को केवल रहने के लिए स्थान ही नहीं देतीं, बल्कि उन्हें प्यार, सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के साथ जीवन बिताने का अवसर भी प्रदान करती हैं। लगभग 19 एकड़ में फैले प्राकृतिक वातावरण वाले इस स्थान पर 500 से अधिक बुजुर्ग माताओं और पिताओं समान वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए किए जा रहे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

नवरात्रों की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मां दुर्गा की उपासना हमें नारी शक्ति के सम्मान, बुराई पर अच्छाई की जीत और समाज में सकारात्मकता फैलाने की प्रेरणा देती है। ड्रीम एंड ब्यूटी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से बच्चों को सुरक्षित वातावरण और बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए किए जा रहे प्रयास समाज में सद्भावना, सहयोग और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।

सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से भी बच्चों के कल्याण, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं और परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ हुनरमंद बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की ओर ले जाना समाज और सरकार दोनों की साझा जिम्मेदारी है।

 अन्नदान, करुणा और अहिंसा मानवता की सेवा के मूल आधार: जैन आचार्य लोकेश मुनि जी

विश्व शांति केंद्र के संस्थापक जैन आचार्य लोकेश मुनि जी ने ट्रस्ट के 30 वर्षों के सेवा सफर की सराहना करते हुए कहा कि मानवता की सेवा ही धर्म की वास्तविक भावना है। धर्म केवल पूजा-पाठ, रस्मों और धार्मिक समारोहों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक उद्देश्य मनुष्य के मन में दया, करुणा, अहिंसा, सहनशीलता और परोपकार की भावना पैदा करना है। मुनि जी ने कहा कि भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा में अन्नदान को महान दान माना गया है, क्योंकि भूखे व्यक्ति को भोजन देना उसकी तत्काल जरूरत पूरी करने के साथ-साथ उसके सम्मान और जीवन की रक्षा से भी जुड़ा हुआ है। भोजन बांटते समय किसी व्यक्ति की जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र या सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। निस्वार्थ सेवा का वास्तविक महत्व तब सामने आता है, जब सहायता प्राप्त करने वाले व्यक्ति के स्वाभिमान को भी पूरा सम्मान दिया जाता है।

30 वर्षों में 3 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचाया भोजन

ड्रीम एंड ब्यूटी चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन और प्रमुख प्रवासी भारतीय श्री अनिल के. मोंगा के नेतृत्व में ट्रस्ट की ओर से पिछले तीन दशकों के दौरान भोजन सेवा, स्वास्थ्य सेवाओं, बुजुर्गों की देखभाल और बच्चों के कल्याण के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है।

ट्रस्ट की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, पिछले 30 वर्षों के दौरान ‘ब्रह्मभोग’ भोजन सेवा के माध्यम से 3 करोड़ से अधिक बार जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाया गया है। वर्तमान में दिल्ली और पंजाब में प्रतिदिन लगभग 20 हजार जरूरतमंद लोगों को सरकारी अस्पतालों, स्कूलों और झुग्गी-झोपड़ी वाले क्षेत्रों में सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रस्ट की ओर से इस सेवा का दायरा बढ़ाकर प्रतिदिन 30 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाने का लक्ष्य भी रखा गया है।

यह भोजन सेवा केवल भूख मिटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के उन वर्गों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास है, जिन्हें आर्थिक कठिनाइयों, बीमारी या अन्य सामाजिक परिस्थितियों के कारण दैनिक जीवन में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। अस्पतालों में मरीजों और उनके परिवारों, स्कूलों में बच्चों तथा अन्य जरूरतमंद परिवारों तक भोजन पहुंचाने का यह प्रयास सामाजिक सहयोग के महत्व को उजागर करता है।

ड्रीम एंड ब्यूटी चैरिटेबल ट्रस्ट की 30वीं वर्षगांठ के अवसर पर हैवनली पैलेस के वरिष्ठ नागरिकों, हैवनली एंजल्स के बच्चों और मार्गदर्शन डीबीसी ट्रस्ट के युवाओं की ओर से मां शैलपुत्री की पूजा को समर्पित धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पुलिस जिला खन्ना के पूर्व अध्यक्ष प्रो. भूपिंदर सिंह चीमा, प्रिंसिपल जतिंदर शर्मा, पायल के डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा, पायल के एस.डी.एम. प्रीतइंदर सिंह बैंस, इंस्पेक्टर राव रविंदर सिंह (रीडर) सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News