4 महीने पहले हुई शादी का खौफनाक अंत, गर्भवती पत्नी सहित पति ने नहर में लगाई छलांग
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 12:26 PM (IST)
हरियाना (आनंद, रत्ती): थाना हरियाना के अंतर्गत आने वाले गांव बसी मरूफ में रात करीब 11 बजे घरेलू कलह के कारण प्रवासी एक पति-पत्नी ने नहर में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक जोड़े की महज 4 महीने पहले शादी हुई थी और महिला गर्भवती बताई गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी किरन सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान राशिद (25) पुत्र कासिम, निवासी जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी धीर फार्म, बसी मरूफ तथा उसकी पत्नी शहनाज (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना से पहले दोनों को नहर किनारे आपस में झगड़ते हुए देखा गया था। इसके बाद में वे घर लौट गए, लेकिन रात को दोनों के बीच फिर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि शहनाज ने अपने पति से उसे उसके मायके रूपनगर (रोपड़) छोड़ने की बात कही। इसके बाद राशिद उसे मोटरसाइकिल पर लेकर निकला और दोनों नहर के पास पहुंचे, जहां उन्होंने नहर में छलांग लगा दी। पुलिस ने बताया कि शहनाज गर्भवती भी थी, जिससे यह घटना और भी दुखद बन गई है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

