Jalandhar Blast: 3 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, 100 से ज्यादा CCTV खंगाले

punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 10:41 AM (IST)

जालंधर: मंगलवार देर शाम 8 बजे बी.एस.एफ. के हैड क्वार्टर बाहर हुए आई.ई.डी. ब्लास्ट के मामले में तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस को कोई भी लीड नहीं मिल पाई है और न ही अभी कुछ ऐसा सबूत हाथ लगा है कि मामला ट्रेस हो पाए।

पुलिस ने 100 से ज्यादा सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाले
जालंधर पुलिस के साथ साथ कई जांच एजैंसिया इस केस को ट्रेस करने में जुटी हुई है। जांच कर रही पुलिस टीम अभी तक कोई लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ चुकी है। हालांकि ब्लास्ट से पहले वहां वीडियो कॉल कर रहे युवक को अभी तक पुलिस ने कस्टडी में ले रखा है जिससे पूछताछ की जा रही है। युवक का यही कहना है कि वह वहां पर वीडियो कॉल पर था लेकिन पुलिस इस बात को पुख्ता करना चाहती है। इसके अलावा पुलिस ने कुछ प्वाइंट्स पर सी.सी.टी.वी. कैमरे चैक करने चाहे लेकिन आर्मी एरिया होने के कारण वहां पर स्मार्ट सिटी कैमरे नहीं लगाए गए थे। कुछ स्थानों में घना अंधेरा होने के कारण कुछ क्लीयर नहीं दिकाई दिया। तीन दिनों में पुलिस ने 100 से ज्यादा सी.सी.टी.वी. कैमरे खंगाल लिए है लेकिन फिलहाल कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।इस दौरान अलग अलग टीमें मल्टीपल सोर्सिस से जांच में जुटी है।

अज्ञात आरोपियों खिलाफ केस दर्ज
बता दें कि मंगलवार की देर शाम 8 बजे बी.एस.एफ. के हैड क्वार्टर के बाहर एक्टिवा में ब्लास्ट हो गया था। पहले इसे नॉर्मल धमाका समझा जा रहा था लेकिन अगले ही दिन सी.पी. धनप्रीत कौर ने फाॅरेंसिक टीम द्वारा जुटाए सबूतों के आधार पर पुख्ता किया कि यह आई.ई.डी. धमाका था। सी.सी.टी.वी. कैमरे चैक करने पर पता लगा कि कैंपस में पार्सल के लिए डिलीवरी ब्वॉय जब अपनी एक्टिवा के पास खड़ा था तो एक व्यक्ति एक्टिवा पर पैकेट रख कर बस स्टैंड की तरफ पैदल भागा और कुछ सैकेंड बाद धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि एक से डेढ किलोमीटर तक आवाज सुनाई गई और एक्टिवा के परखच्चे उड़ गए। धमाके के कारण वहां से गुजर रही कई गाड़ियों के एयरबैग खुल गए थे। पुलिस ने काफी घंटों तक डिलीवरी ब्वॉय गुरप्रीत निवासी गढ़ा को पूछताछ के बाद क्लीन चिट दे दी थी। वह बीएसएफ के पूर्व जवान का बेटा था। थाना नई बारादरी में अज्ञात आरोपियों खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया था। घटना के अगले दिन डी.जी.पी. गौरव यादव के अलावा केंद्रीय फॉरेंसिक टीम, एन.आई.ए. समेत कई जांच एजैंसियां जांच में करने के लिए मौके पर आई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News