Jalandhar : ठेकों के बाहर भीड़ का सैलाब, नियमों की उड़ रही धज्जियां, प्रशासन गायब!
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 07:39 PM (IST)
जालंधर (पंकज, कुंदन) : जालंधर में इन दिनों शराब के ठेकों के टूटने के बाद हालात कुछ ऐसे बन गए हैं कि ठेकों के बाहर लोगों का मेला सा लग गया है। शहर के प्रमुख इलाकों मिलाप चौक और ज्योति चौक के पास स्थित ठेकों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हालात ये हैं कि लोग खुलेआम शराब की पेटियां खरीदकर अपने घरों तक ले जा रहे हैं, मानो किसी मेले या सेल का माहौल हो।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ठेके टूटने के बाद शराब सस्ती दरों पर मिलने की खबर तेजी से फैली, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग ठेकों पर पहुंच रहे हैं। कई लोग एक-दो बोतल नहीं, बल्कि पूरी-पूरी पेटियां खरीदते नजर आए। इस दौरान न तो किसी तरह की पाबंदी दिखाई दी और न ही किसी नियम का पालन होता नजर आया।
सबसे हैरानी की बात यह है कि इन ठेकों से महज कुछ दूरी पर पुलिस चौकियां मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद मौके पर पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आई। लोगों का कहना है कि अगर इतने बड़े स्तर पर शराब की खरीद-फरोख्त हो रही है, तो पुलिस और एक्साइज विभाग की जिम्मेदारी बनती है कि वहां निगरानी रखी जाए, लेकिन यहां तो हालात बिल्कुल उलट दिखे। इस घटनाक्रम ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर सरकार शराब की बिक्री को नियमों के तहत नियंत्रित करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर इस तरह के नजारे व्यवस्था की पोल खोलते नजर आ रहे हैं।

