किरण खेर की FB पोस्ट पढ़कर लोगों का आया गुस्सा, जमकर निकाली भड़ास
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2020 - 12:37 PM (IST)

चंडीगढ़ (राय): सांसद किरण खेर ने बुधवार को शहर की स्वास्थ्य सुविधाओं पर चिंता जताते हुए अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने लिखा कि पी.जी.आई. और शहर के अन्य अस्पताल काफी दबाव में हैं। अगर शहर के विभिन्न हिस्सों में स्वास्थ्य सुविधाओं की ओर ध्यान न दिया गया तो परिणाम घातक होंगे। ऐसे में शहर के अस्पतालों में मरीजों के लिए कोई भी बैड नहीं मिलेगा। इसलिए समय रहते इस समस्या की तरफ ध्यान दिया जाए। इस समस्या पर ध्यान देने के लिए किरण खेर ने प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर को टैग किया है। साथ ही देश के गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, प्राइम मिनिस्टर ऑफिस और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को भी टैग किया गया है। किरण खेर की इस पोस्ट पर शहर के लोग जमकर भड़ास और गुस्सा निकाल रहे हैं।
शहरवासी ने कमैंट किया, जरा गवर्नर साहब से सीख ले लो, जो जिम्मेदारी से नहीं भागे
इस पोस्ट पर शहरवासी यादविंदर मेहता लिखते हैं कि अपनी उम्र का बहाना देकर गायब रहने वाली मैडम जी जरा गवर्नर साहब से ही थोड़ी सीख ले लेतीं। आपसे उम्र में ’यादा होने के बाबजूद वह हरसंभव कोशिश तो कर रहे हैं, वो जिम्मेदारी व मैदान छोड़कर तो नहीं भागे हैं। कोरोना काल की इस मुश्किल घड़ी में सांसद होने के नाते शहरवासियों के साथ दुख में शामिल होने की बजाय आप अज्ञातवास में रहीं चंडीगढ़वासियों के लिए इससे बड़ी त्रासदी व दुख की बात और क्या होगी? मैडम जी क्वारंटाइन भी 14 दिन के लिए होता है। आप तो सैल्फ क्वारंटाइन 4 महीने के लिए हो गईं, जनता को अपने हाल पर छोड़ कर।