लुधियाना में BJP और AAP कार्यकर्ता आमने-सामने, गरमाया माहौल

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 01:20 PM (IST)

लुधियाना (गणेश/सचिन): लुधियाना में AAP और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। यहां AAP कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया और नारेबाजी की गई। वहीं प्रदर्शनकारी जब गिल रोड स्थित दाना मंडी क्षेत्र और मुख्य हाईवे की ओर बढ़े तो माहौल और अधिक गरमा गया। इसी दौरान भाजपा कार्यालय के बाहर भाजपा समर्थक और नेता भी एकत्र हो गए। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिसके बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी और बहस शुरू हो गई। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि कुछ समय के लिए धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बन गई। हालांकि मौके पर पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और किसी भी बड़े टकराव को टाल दिया।

घटनास्थल पर कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए थे। पुलिस प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की जाती रही। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।

राजनीतिक प्रदर्शन और नारेबाजी के चलते मुख्य हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस को व्यवस्था बहाल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जबकि कई वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्गों का सहारा लिया।

भाजपा की ओर से प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, जिला प्रधान रजनीश धीमान और प्रवीण बांसल सहित कई नेता मौके पर मौजूद रहे। वहीं आम आदमी पार्टी नेताओं ने ED कार्रवाई को लोकतंत्र विरोधी कदम बताया। सूत्रों के अनुसार पूरे घटनाक्रम की पुलिस प्रशासन द्वारा वीडियोग्राफी भी करवाई गई है ताकि कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। प्रशासन का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं, लेकिन इस घटनाक्रम के बाद लुधियाना का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ नजर आ रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News