Ludhiana में चलती स्विफ्ट कार बनी आग का गोला, चालक ने छलांग लगाकर बचाई जान, धू-धू कर जली गाड़ी
punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 09:26 AM (IST)
लुधियाना (राज): चीमा चौक और सूफिया चौक के बीच वीरवार रात एक चलती हुई स्विफ्ट कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। गनीमत यह रही कि बोनट से धुआं और लपटें उठते ही चालक ने सूझबूझ दिखाई और चलती गाड़ी से तुरंत बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। हालांकि, कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। वहीं, अफरा-तफरी के माहौल में कार चालक का गिरा हुआ मोबाइल फोन भी कोई शातिर व्यक्ति चोरी कर ले गया। सूचना पाकर पुलिस चौकी जनकपुरी की टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और लपटों पर काबू पाया।
शोर मचाकर लगाई मदद की गुहार लगाई
पीड़ित कार चालक आशु (निवासी हरगोविंद नगर) ने बताया कि वह अपने किसी निजी काम के सिलसिले में चीमा चौक की तरफ से आ रहा था। जैसे ही वह जनकपुरी पुलिस चौकी के निकट पहुंचा, अचानक उसकी स्विफ्ट कार के बोनट से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। शुरुआत में आग धीमी थी, लेकिन कुछ ही पलों में लपटें तेजी से फैलने लगीं। खतरे को भांपते हुए आशु ने तुरंत गाड़ी रोकी और बाहर छलांग लगा दी। उसने सड़क पर शोर मचाकर राहगीरों और आसपास के दुकानदारों से मदद की गुहार लगाई। घटना घटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रास्ते से गुजर रहे एक ऑटो चालक ने तुरंत अपना वाहन रोका और अपने ऑटो में रखा फायर अग्निशमन यंत्र निकालकर आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद पास की एक फैक्ट्री से भी 3-4 बड़े फायर सिलेंडर मंगवाकर आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया गया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि आग बुझने के बजाय और विकराल होती चली गई। देखते ही देखते 2019 मॉडल की डीजल स्विफ्ट कार जलकर लोहे का ढांचा बन गई। आशु ने बताया कि जब वह जान बचाने के लिए कार से बाहर कूदा, तो हड़बड़ाहट में उसका महंगा मोबाइल फोन सड़क पर गाड़ी के पास ही गिर गया था। आग की भयावहता और मची भगदड़ का फायदा उठाकर वहां खड़े किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका फोन नीचे से उठा लिया और गायब हो गया।
देरी से पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी, जानी नुकसान से बचाव: चौकी इंचार्ज
स्थानीय लोगों और पुलिस चौकी जनकपुरी के मुलाजिमों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। पीड़ित आशु का आरोप है कि सूचना दिए जाने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बची-खुची आग को पूरी तरह शांत किया।मामले की पुष्टि करते हुए चौकी जनकपुरी के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और ट्रैफिक को डायवर्ट किया। उन्होंने कहा कि समय रहते चालक के बाहर निकल जाने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है और मामले की कानूनी पड़ताल जारी है।

