AAP MLA अनमोल गगन मान के पति सहित 3 को 2-2 साल की सजा
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 09:28 AM (IST)
पंजाब डेस्कः पंजाब से बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, डेराबस्सी की अदालत ने करोड़ों रुपये के चेक बाउंस मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान के पति शाहबाज सिंह सोही समेत 3 लोगों को दोषी करार दिया है। अदालत ने तीनों को दो-दो साल की सजा और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। यह मामला करीब साढ़े 3 करोड़ रुपए के चेक बाउंस से जुड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार करीब सात साल तक चली सुनवाई के बाद ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास परनीत कौर की अदालत ने यह फैसला सुनाया। दोषियों में शाहबाज सिंह सोही (हाल निवासी चंडीगढ़, मूल रूप से जीरकपुर), जतिंदर सिंह नोनी और नछत्तर सिंह शामिल हैं। हालांकि फैसला सुनाए जाने के बाद तीनों ने मौके पर ही जमानत राशि भरकर जमानत ले ली।
क्या है मामला
मामले की शुरुआत 2018 में हुई थी, जब शिकायतकर्ता कमलजीत सिंह कामा (जीरकपुर के पूर्व सरपंच जसपाल सिंह के भाई) ने अदालत में शिकायत दर्ज करवाई थी। आरोप है कि ‘मेसर्स प्लेटिनम स्मार्ट बिल्डकॉन’ नामक कंपनी के तीनों पार्टनरों ने राजपुरा में एक हाउसिंग प्रोजेक्ट के लिए करोड़ों रुपये के प्लॉट बेचने का सौदा किया था। सौदा पूरा न होने के बावजूद उन्होंने शिकायतकर्ता को साढ़े तीन करोड़ रुपये का चेक दिया, जो बाद में बाउंस हो गया। शिकायतकर्ता पक्ष के वकील भारत जोशी के अनुसार लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने शिकायतकर्ता के पक्ष को मजबूत मानते हुए यह फैसला सुनाया। वहीं कमलजीत सिंह कामा ने कहा कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से ठगी की और उन्हें सजा मिलने के बाद ही उन्हें न्याय मिला है।

